भागलपुर: आज से सावन माह की शुरुआत हो गई है. इसी कड़ी में शिव भक्त बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में गंगा जल भरने के लिए पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगा जल भरकर ले जाते हैं और उसे देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ के ऊपर चढ़ाते हैं. वहीं आज यहां विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने हाथों से करने जा रहे हैं.

इस साल का श्रावणी मेला होगा खास
इस बार मेले में आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. श्रद्धालुओं के लिए 3D लेजर शो से लेकर बहुत कुछ खास होने वाला है. वहीं भक्तों की बढ़ती भीड़ को लेकर प्रशासन ने भी खास तैयारी कर ली है.

नमामि गंगे घाट पर लेजर शो
जिला प्रशासन द्वारा पहली बार अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है, जो बनारस की तर्ज पर होगा. यह शो श्रद्धालुओं को गंगा की महिमा, भगवान शिव की आराधना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करेगा. मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.

आध्यात्मिकता और तकनीक का मेल
30 मिनट के इस थ्री डी लेजर प्रोजेक्शन शो में गंगा की उत्पत्ति, शिव-पार्वती की कथा, बाबा बैद्यनाथ की महिमा और श्रावणी मेले की परंपराओं को लाइट, साउंड और चित्रों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा. गंगा की लहरों पर उकेरी जाने वाली छवियां और ध्वनि-प्रकाश का संयोजन श्रद्धालुओं को एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव देगा.

इन भाषाओं में होगा शो
बता दें कि शो में हिंदी और अंग्रेजी में संवाद होंगे, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु इसे समझ सकें. साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी इस शो का हिस्सा होगा. जिला प्रशासन ने इस मेले को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं.

जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी
वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि यह पहली बार है जब श्रावणी मेले में आस्था और तकनीक का इस रूप में संगम देखने को मिलेगा. लेजर शो का आयोजन एक इवेंट कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है, जिसके लिए सभी तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. यह शो न केवल मनोरंजन का साधन होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भी जोड़ेगा.

श्रावणी मेला 2025 एप और फोटो कंटेस्ट
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने ‘श्रावणी मेला 2025’ एप लॉन्च करने की घोषणा की है. इस एप के माध्यम से श्रद्धालु मेले से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. इसके अलावा, एक फोटो कंटेस्ट का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी खींची गई तस्वीरें अपलोड कर सकता है.

श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
श्रावणी मेला 2025 न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि तकनीकी नवाचारों के साथ एक अविस्मरणीय अनुभव भी प्रदान करेगा. लेजर शो और डिजिटल पहल जैसे कदम इस मेले को आधुनिक और वैश्विक मंच पर ले जाएंगे. जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा, बल्कि सुल्तानगंज और भागलपुर की सांस्कृतिक विरासत को भी विश्व पटल पर उजागर करेगा. मेले में आने वाले श्रद्धालु इस अनूठे संगम को अनुभव करेंगे.




Leave a Reply