पटना: मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में बुधवार को बिहार में चक्का जाम रहा. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के तमाम बड़े चेहरे इसमें शामिल हुए. हालांकि इस दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जो सांसद पप्पू यादव के लिए शर्मिंदगी की वजह बन सकती है. जिस वाहन से राहुल-तेजस्वी विरोध मार्च कर रहे थे, उसमें चढ़ने से पप्पू को रोक दिया गया.

पप्पू को राहुल के पास आने से रोका
असल में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, दीपांकर भट्टाचार्य और डी. राजा समेत अन्य कांग्रेस नेता रथ की शक्ल में लोरी पर सवार होकर मार्च में शामिल हुए थे. प्रदर्शन शुरू होने से पहले इनकम टैक्स गोलंबर पर जब राहुल गांधी के साथ नेताओं को उस लॉरी पर चढ़ाया जा रहा था, तब पप्पू यादव ने भी चढ़ने की कोशिश की लेकिन उनको रोक दिया गया.

बेइज्जती से कम नहीं
जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आगे बढ़ते हैं और चढ़ने के लिए हाथ आगे बढ़ाते हैं लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी उनको इशारे में ‘ना’ करते हैं और गाड़ी पर चढ़ने से रोक देते हैं. जिस वजह से पप्पू पीछे हट जाते हैं.

कन्हैया कुमार को भी नहीं मिली जगह
पप्पू को भले ही लॉरी पर चढ़ने से रोक दिया गया हो लेकिन उनके बाद लाइन में लगे बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश कुमार राम और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता शकील अहमद खान को गाड़ी में चढ़ने दिया गया. ये दोनों कांग्रेस नेता लगातार राहुल गांधी के साथ उस रथ पर सवार हुए. हालांकि कन्हैया कुमार को भी उस वाहन पर जगह नहीं दी गई.

कांग्रेस को सपोर्ट करते हैं पप्पू
2024 के लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की है. जिस वजह से वह कांग्रेस में शामिल नहीं हो सकते हैं लेकिन वह हर मुद्दे पर कांग्रेस को समर्थन करते हैं. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति वह खुलकर वफादारी की बात करते हैं लेकिन इस साल जितनी बार भी राहुल बिहार दौरे पर आए हैं, कभी भी पप्पू की उनसे मुलाकात नहीं हो पाई है. माना जाता है कि लालू और तेजस्वी के विरोध के कारण कांग्रेस नेता उनसे दूरी बनाते हैं.

कौन हैं पप्पू यादव?
राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद हैं. वह 1991, 1996, 1999, 2004, 2014 और 2024 में लोकसभा सांसद बने हैं. पूर्णिया के अलावे मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इससे पहले वह 1990 में मधेपुरा के सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रहे थे. 57 वर्षीय पप्पू की पत्नी रंजीत रंजन फिलहाल छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्यसभा सांसद हैं. लालू परिवार से उनकी राजनीतिक अदावत जगजाहिर है.






Leave a Reply