BIHARPATNASTATE

‘अभी तो सीट बंटवारे पर बातचीत भी शुरू नहीं हुई’, चिराग-कुशवाहा की दावेदारी पर नीतीश के मंत्री का बड़ा बयान

पटना: बिहार में इस साल विधानसभा का चुनाव होना है. सभी दलों की ओर से दावेदारी का दौर जारी है लेकिन अभी तक न तो एनडीए में सीट शेयरिंग हो पाई है और न ही महागठबंधन में सहमति बन पाई है.

इस बीच जेडीयू नेता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने दावा किया है कि अभी तो एनडीए नेताओं के बीच बातचीत भी शुरू नहीं हुई है. हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि एनडीए के नेता जब बैठेंगे तो आप लोगों की जितनी चिंताएं हैं, सब दूर हो जाएंगी.

थोड़ा इंतजार कीजिए संदेश पूरा मिलेगा’

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अभी तक बातचीत शुरू नहीं हुई है लेकिन जब एनडीए के नेता एक साथ बैठेंगे, तब इस बात पर सहमति बन जाएगी. उन्होंने कहा कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा, सब कुछ निराकरण हो जाएगा. थोड़ा इंतजार कीजिए, सीट बंटवारे पर फैसला हो जाएगा.

225 सीट जीतकर बनाएंगे सरकार

वहीं, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा की दावेदारी पर श्रवण कुमार ने कहा कि जब एनडीए के सभी शीर्ष नेता एक साथ बैठेंगे तो सभी आरोप-प्रत्यारोप समाप्त हो जाएंगे, एनडीए एकजुट है.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 243 विधानसभा सीटों में से 225 सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है, हम लोग उसे प्राप्त करेंगे.

कितनी सीटों पर कौन लड़ेगा?

एनडीए के घटक दल के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला अभी तक तय नहीं हुआ है लेकिन जो चर्चा चल रही है, उसमें जेडीयू और बीजेपी 100-100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. शेष सीटें बाकी तीनों छोटे दलों के बीच बंटेगी. हालांकि जीतनमांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा भी अधिक से अधिक सीट चाहते हैं.

अमित शाह से मिल चुके हैं मांझी

सीट बंटवारे को लेकर अमित शाह से जीतनमांझी मिल चुके हैं. दिल्ली में मुलाकात के बाद मांझी ने कहा कि जून-जुलाई में सीटों के बंटवारे पर बात होगी.

वहीं उपेंद्र कुशवाहा भी कह चुके हैं कि जल्द से जल्द सीट बंटवारा हो जाए, जिससे एनडीए के वोटरों के बीच अच्छा मैसेज जाए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.