BIHARPATNAPolice

बिहार में आर्केस्ट्रा की आड़ में देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई, 625 नाबालिग मुक्त, 144 गिरफ्तार

पटना।बिहार में आर्केस्ट्रा और म्यूजिकल ग्रुप्स की आड़ में चल रहे देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कमजोर वर्ग एवं अपराध अनुसंधान विभाग के डीजी अमित कुमार जैन की निगरानी में इस वर्ष अब तक राज्य के सभी जिलों में लगातार छापेमारी की गई है।

इस अभियान के तहत 231 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 118 नाबालिग लड़कियों तथा 506 नाबालिग लड़कों को शोषण और अमानवीय स्थितियों से मुक्त कराया गया है। वहीं 127 पुरुष और 17 महिलाओं सहित कुल 144 मानव तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

सरकार ने जारी किया सख्त एसओपी

बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बिहार सरकार ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया है। इसके तहत अब सभी आर्केस्ट्रा और म्यूजिकल ग्रुप संचालकों को सरकार से प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य कर दिया गया है।

साथ ही नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने या बिना अनुमति कार्यक्रम चलाने पर संचालकों का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन जिलों में सबसे ज्यादा मामले

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, रोहतास, सिवान, सारण, बेतिया, गोपालगंज और बेगूसराय जिलों में मानव तस्करी के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। इन इलाकों में सक्रिय गिरोहों पर कड़ी नजर रखते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

नाबालिगों को मिली नई जिंदगी

अभियान के दौरान 625 नाबालिगों को सुरक्षित आश्रय गृहों और परिजनों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस और सामाजिक संगठनों की मदद से इन्हें परामर्श, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

डीजी ने दी चेतावनी

डीजी अमित कुमार जैन ने कहा कि राज्य में मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अगर कहीं ऐसी गतिविधि की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

सख्ती जारी रहेगी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अनैतिक धंधों पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आर्केस्ट्रा और मनोरंजन के नाम पर चल रहे अवैध धंधों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.