मुजफ्फरपुर में एक डॉक्टर ने महिला की यूरिन नली काट दी। घटना सकरा के बरियारपुर ओपी क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की है। जहां ‘श्रीद्धि सेवा सदन’ नामक हॉस्पिटल में महिला का यूट्रस का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों का आरोप है ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से घटना हुई।
हालत बिगड़ता डॉक्टर ने महिला को समस्तीपुर रेफर कर दिया। वहीं नर्सिंग होम पर ताला लटका डॉक्टर और स्टाफ फरार हो गए। बता दें कि करीब 7 महीने पहले इसी इलाके में शुभ कांत क्लिनिक में डॉक्टर ने महिला की किडनी निकाल ली थी।
यूट्रस ऑपरेशन की डॉक्टर ने दी थी सलाह
पीड़ित महिला समस्तीपुर जिले के भागवतपुर मुसरीघरारी निवासी दीपक सहनी की पत्नी है। परिजनों ने बताया कि करीब 3 महीने से उक्त महिला का मेडिकल टेस्ट और दवा-सुई श्रीद्धि सेवा सदन में चल रहा था। डॉक्टर ने महिला को बच्चा बन्द के ऑपरेशन के लिए कहा। कहा कि बिना ऑपरेशन किए दर्द आराम नहीं होगा, न ही बीमारी ठीक होगी। इस पर परिजन तैयार हो गए।
गंभीर हालत में किया रेफर
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति बिगड़ते देख परिजन उग्र हो गए। हल्ला हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मरीज को पहले बाहर दिखाने की सलाह दी। इसके बाद महिला को उसके परिजन समस्तीपुर लेकर निकल गए। जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इधर, पीड़िता की मां देवंती देवी ने उक्त निजी नर्सिंग होम संचालक और डॉक्टर समेत अन्य कर्मियों के खिलाफ बरियारपुर ओपी में आवेदन दिया है। इसको लेकर बरियारपुर ओपी थाना अध्यक्ष सब इंस्पेक्टर चांदनी कुमारी सांवरिया ने कहा कि एक महिला द्वारा लिखित शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
नर्सिंग होम में नहीं है रजिस्ट्रेशन नंबर
घटना के बाद नर्सिंग होम के डॉक्टर और स्टाफ फरार है। नर्सिंग होम के बाहर ताला लटका हुआ है। बाहर लगे बोर्ड पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं दिखाई दे रहा है। अब मामले पुलिस ने सिविल सर्जन को एक पत्र लिखा है। ताकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी जांच कराई जाए।



Comment here