Breaking News

कोरोना, स्वाइन फ्लू और एच3एन2 इनफ्लुएंजा वायरस के मरीज मिले:तीनाें बीमारियों के लक्षण एक जैसे

अभी कोरोना, स्वाइन फ्लू, एच3एन2 इनफ्लुएंजा वायरस के साथ-साथ डेंगू के मरीज भी मिल रहे हैं। सोमवार को भी कोरोना, स्वाइन फ्लू और एच3एन2 इनफ्लुएंजा वायरस के मरीज मिले हैं। आरएमआरआई में चार सैंपल की जांच में एक मरीज स्वाइन फ्लू तो दूसरा एच3एन2 इनफ्लुएंजा वायरस से संक्रमित मिला। इनका घर में ही इलाज चल रहा है।

उधर, पटना का एक मरीज आईआईएएमएस में किसी और बीमाारी का इलाज कराने अाया था। उसकी कोरोना जांच कराई गई ताे रिपाेर्ट पॉजिटिव अाई। पीएमसीएच के वरीय फिजिशियन डॉ. बीके चौधरी ने कहा कि फिलहाल तीनों बीमारियों के मरीज मिल रहे हैं। तीनों बीमारियों के लक्षण भी लगभग एक जैसा है।

अभी कुछ दिन तक कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाए तो बेहतर रहेगा। इससे तीनों बीमारियों से बचाव होगा। खासकर भीड़भाड़ में जाएं तो मास्क जरूर पहनें। कोरोना की बूस्टर डोज लेने से वंचित हों तो जरूर ले लें। साथ ही हाथ को सेनेटाइज करते रहें या साबुन से धोते रहें। गंदे हाथ से नाक और मुंह नहीं छुएं। वैसे भी कोरोना के केस कुछ राज्यों में बढ़ रहे हैं। इसलिए सावधान रहने की जरूरत है।

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

कोरोना जांच बढ़ेगी
इधर, कोरोना के केस अन्य राज्यों में बढ़ रहे हैं। विशेषकर महाराष्ट्र और केरल में कुछ ज्यादा ही केस मिल रहे हैं। यह देखते हुए अस्पतालों में चिकित्सकीय व्यवस्था दुरुस्त कर अलर्ट मोड पर रहना है। साथ ही अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। कोरोना जांच की संख्या बढ़ाई जाएगी। अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था दुरुस्त है या नहीं इसे देखने के लिए 10 और 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल होगा। यह जानकारी राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक और स्वास्थ्य विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह ने दी।

कोरोना प्रोटोकॉल का पालन जरूरी, भीड़भाड़ से बचें
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण के साथ सोमवार को वीडियो काॅन्फ्रेसिंग में ये निर्देश दिए गए। उन्होंने कोरोना को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना सुनिश्चित किया जाए। इसमें भीड़भाड़ में जाने से परहेज करना, कोरोना जांच की संख्या बढ़ाना, छींकते और खांसते समय चेहरे पर रूमाल रखना जैसे नियमों का पालन कराना सुनिश्चित कराना होगा। सबसे महत्वपूर्ण है कम से कम जो लोग अस्पताल में आ रहे हैं वे मास्क जरूर पहनें।

बिहार में अभी हालत ठीक
कार्यापालक निदेशक ने कहा कि बिहार में कोरोना के केस नहीं बढ़े हैं। एक-दो केस मिल रहे हैं। लेकिन सतर्कता जरूरी है। अस्पतालों में कोरोना के इलाज की व्यवस्था रखी गई है। मॉकड्रिल करके फिर से दुरुस्त किया जाएगा। वैसे अभी कोरोना के मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.