Breaking News

लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी माले !:जानिए किन-किन सीटों पर खुद को ताकतवर बनाने में जुटी है माले, 10 सीटों पर तैयारी तेज

भाकपा माले ने भविष्य की राजनीति को देखते हुए तय किया कि वह 19 सीटों पर चुनाव लड़ने और 12 सीटों पर जीत हासिल करने के बावजूद नीतीश-तेजस्वी की नई सरकार को समर्थन तो करेगी। लेकिन मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगी। अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में माले इस तरह से जुटी है कि इस बार राष्ट्रीय सम्मेलन भी बिहार में किया गया। माले ने गांधी मैदान में रैली करके भी शक्ति प्रदर्शन किया।

12 विधानसभा सीटों पर जीत
बीजेपी विरोधी पार्टियों के नेताओं का जुटान भी किया गया। बिहार विधान सभा चुनाव के बाद पब्लिक में यह मैसेज गया कि कांग्रेस को इतनी सीटें देने के बजाय माले को कुछ और सीटें चुनाव लड़ने के लिए दी जातीं तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री होते! यही वजह रही कि तेजस्वी के रिश्ते कांग्रेस से खटास वाले हो गए। यह खटास विधान सभा उपचुनावों में खूब दिखता रहा।

कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से 19 सीटों पर जीत हासिल की, माले ने 19 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीटें हासिल की। पिछले लोकसभा चुनाव में माले ने चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। ये सीटें थीं- आरा, काराकाट, जहानाबाद और सीवान। आरा में तो 4 लाख 19 हजार वोट आए थे। माले चारों सीटों पर लोकसभा चुनाव हार गई थी।

मिथिलांचल में एक सीट पर हो सकती है दावेदारी

माले की ताकत भागलपुर और मुंगेर के इलाके में नहीं के बराबर या काफी कम है। बाकी कई जगहों पर माले की ताकत लगातार बढ़ रही है। मिथिलांचल के इलाके जिसमें समस्तीपुर, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी और झंझारपुर यानी पांच लोकसभा सीटें हैं। इनमें से एक सीट की मांग माले कर सकती है। माले 40 में से 10 से अधिक सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है। हालांकि अंतिम रूप से महागठबंधन के नेता आपस में तय करेंगे किस पार्टी को कितनी सीटें दी जाएं।

इन जगहों पर ताकतवर स्थिति में माले

आरा- यहां से दो विधायक हैं। अगिआंव से मनोज मंजिल और तरारी से सुदामा प्रसाद।

काराकाट- यहां काराकाट से अरुण सिंह विधायक हैं। ओबरा से राजा राम सिंह विधान सभा जीतते रहे। इस बार वे हार गए थे।

जहानाबाद- यहां अरवल से महानंद सिंह और घोसी से रामबली सिंह यादव माले के विधायक हैं।

पाटलिपुत्रा- यहां फुलवारी से गोपाल रविदास और पाली से संदीप सौरभ विधायक हैं।

सीवान- यहां दरौली से सत्यदेव राम और जीरादेई से अमरजीत कुशवाहा माले विधायक हैं। मध्य बिहार के बाद यहां तीखा संघर्ष रहा है।

बेतिया- यहां सिकटा से वीरेन्द्र गुप्ता माले विधायक हैं।

कटिहार- यहां बलरामपुर से महबूब आलम माले विधायक हैं। वे माले विधायक दल के नेता भी हैं।

26-27 मार्च को माले नवगठित केन्द्रीय कमेटी की बैठक में बनेगी कार्ययोजना

भास्कर ने भाकपा माले पोलित ब्यूरो के सदस्य धीरेन्द्र झा से बात की। वे कहते हैं कि नवगठित केन्द्रीय कमेटी की बैठक कोलकाता में 26-27 मार्च को हो रही है। उस बैठक से लोकसभा चुनाव को लेकर मोदी राज से कैसे देश को मुक्ति मिले उसकी कार्य योजना बनायी जाएगी। पूरे बिहार में हमारे आंदोलन और संगठन का विस्तार हुआ है। इस लिहाज से 10 सीटों पर हमारी तैयारी चल रही है। शाहाबाद, मगध, बेतिया, कटिहार आदि जगहों पर हमारी स्थिति मजबूत है।

महागठबंधन की बैठक में हम अपनी दावेदारी रखेंगे। हमारी कोशिश यही है कि इस बार लोकसभा चुनाव में बीजेपी को खाता नहीं खोलने देंगे बिहार में। इस तरह से 77 में तानाशाही के खिलाफ प्रचंड आंदोलन बिहार में हुआ था। उसी तरह की स्थिति बीजेपी के खिलाफ है। खासतौर से तमिलनाडु के मजूदरों के सवाल पर बीजेपी की लूट, झूठ और अफवाह की खेती पकड़ी गई है। गरीबों-मजदूरों में बीजेपी के खिलाफ काफी आक्रोश है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.