Breaking News

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा भक्तों का सैलाब:अररिया में सुबह से जलाभिषेक के लिए लगी कतार

महाशिवरात्रि पर पूरा शहर शिवमय हो गया। अहले सुबह से ही शहर के शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठी। कहीं भक्तों ने उपवास व्रत रखते हुए जलाभिषेक किया तो कहीं रुद्राभिषेक के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा आराधना में श्रद्धालु जुटे दिखे। वहीं, अररिया जिला मुख्यालय स्थित सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी स्थित शिव मंदिर, मां खड्गेश्वरी काली मंदिर स्थित बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर सहित शहर के शिवालयों में सुबह से ही ओम नमः शिवाय की गूंज रही।

भगवान भोले नाथ के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ अहले सुबह से ही मंदिरों में जुटनी शुरू हो गई। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं को घंटे भर दर्शन के लिए इंतजार भी करना पड़ा। सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी के महंत पंडित कृष्ण कांत तिवारी ने बताया कि शाम 6 बजे सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी स्थित शिव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की बरात हर वर्ष की भांति इस साल भी निकाली जाएगी। सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी स्थित शिव मंदिर को फूलों व लाइट से सजाया गया है।

बता दें कि पिछले 21 वर्ष से महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी स्थित शिव मंदिर से भोलेनाथ की बरात गाजे-बाजे के साथ निकाली जाती है। इसकी तैयारी यहां के स्थानीय युवा वर्ग द्वारा की जाती है। वहीं, जानकारी देते हुए सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी के महंत कृष्णकांत तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की अराधना व उपासना करने वालों को निश्चित ही मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.