Breaking News

बागेश्वर बाबा के हिंदू राष्ट्र का सपना फेल हो जाएगा…:मंत्री तेज प्रताप का बयान, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बताया BJP का आदमी

बिहार के मंत्री तेज प्रताप यादव ने अब बागेश्वर धाम के बाबा धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री पर हमला बोला है। तेज प्रताप यादव ने उन्हें भाजपा का आदमी बताया है। तेज प्रताप ने यह बातें तब कही जब उनसे बाबा के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर सवाल किया गया था।

इसी के जवाब में तेज प्रताप ने तंज भरे अंदाज में कहा कि बागेश्वर बाबा का सपना फेल हो जाएगा। हिंदुस्तान में हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई आपस में हैं भाई-भाई ही चलेगा।

तेज प्रताप ने कहा कि सभी लोगों के समावेश से हिन्दुस्तान बना है। भाजपा के लोगों की दाल यहां गलने वाली नहीं है। वो आज गुरुवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।

पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते तेज प्रताप यादव।

पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते तेज प्रताप यादव।

पिता लालू के बारे में कहा- आप जाकर मिलिए, हम रोज बात करते हैं

तेज प्रताप यादव से इसी बीच जब पूछा गया कि लालू प्रसाद सिंगापुर से आ गए हैं, आप गए नहीं मिलने? सवाल के जवाब में उन्होंने पत्रकार से कहा कि हमसे रोज फोन पर बात होती है…आप जाकर मिलिए… जाकर इंटरव्यू लीजिए।

तेज प्रताप यादव ने आगे भाजपा के आरोप कि जंगलराज आ गया है बिहार में…पर कहा कि अभी बिहार में काम का राज है। रोजगार का राज है। हमलोग रोजगार दे रहे हैं लोगों को। केंद्र में भाजपा का जंगलराज चल रहा है। भाजपा सभी जगह हत्या करवा रही है।

तेजप्रताप से पूछा गया कि उपेन्द्र कुशवाहा का कहना है कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बन गए तो लालू राज आ जाएगा? इस सवाल पर तेजप्रताप ने कहा कि अभी कौन सा राज है बिहार में…? अभी भी तो लालू राज है, महागठबंधन राज है बिहार में।

बागेश्वरधाम वाले बाबा के नाम से चर्चित हैं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर धाम मध्यप्रदेश के ग्राम गढ़ा छतरपुर जिले में स्थित है। बागेश्वर धाम एक चंदेलकालीन प्राचीन सिद्ध पीठ है। 1986 में ग्रामवासियों द्वारा मंदिर का जीर्णाद्धार कराया गया था। उसके बाद सन 1987 के बीच में ग्राम गढ़ा के बाबा सेतुलाल महाराज उर्फ भगवानदास महाराज निर्मोही अखड़ा चित्रकूट से दीक्षा प्राप्त करके बागेश्वर धाम पहुंचे थे। इसके बाद सन 1989 में एक विशाल यज्ञ का आयोजन करवाया गया था।

26 साल के धीरेंद्र शास्त्री बताते हैं कि ये उनके दादा के जमाने से चला आ रहा है। यहां उनके पूर्वज दरबार लगाकर लोगों को उनकी समस्या समाधान करते थे। सोशल मीडिया पर धीरेंद्र शास्त्री के वीडियोज बीते दो सालों में काफी वायरल हुए और वे मशहूर हुए।

पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करीब एक माह पहले बयान दिया कि वो भारत को हिंदू राष्ट्र बना देंगे। ये बातें उन्होंने एक राम कथा में कहीं। 17 से 23 जनवरी तक आयोजित इस कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे। कथा के समापन के दिन उन्होंने मंच से लोगों में जोश भरते हुए ये दावा किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.