मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 3 से 6 साल तक के सभी बच्चों काे आंगनबाड़ी केंद्र तक लाने का निर्देश दिया। कहा-इस आयु वर्ग के गरीब बच्चों की संख्या काफी है। केंद्रों पर हर तरह की सुविधाएं सरकार उपलब्ध कराएगी, लेकिन बच्चों काे केंद्रों तक लाने का प्रयास हाे। वे मंगलवार काे ‘समाधान यात्रा’ के क्रम में मुजफ्फरपुर में थे। शहर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, शेरपुर में पंचायत सरकार भवन एवं वैलनेस सेंटर समेत अन्य योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से पूछा-’अच्छा लगता है यहां?’ बच्चों ने कहा-’हां।
उन्होंने पोषाहार व आंगनबाड़ी केंद्रों के संबंध में जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत काे एल-1 प्रसव केंद्र के कुशल प्रबंधन का निर्देश दिया। जीविका के स्टाॅलाें के निरीक्षण के बाद 42 स्वयं सहायता समूहों के लिए 1.21 करोड़, सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभुकों के लिए 3.70 कराेड़ व 4812 स्वयं सहायता समूहों के लिए 142 करोड़ 28 लाख रुपए का सांकेतिक चेक दिया। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री तालाब मत्स्यिकी के लाभुकाें काे सांकेतिक चेक व मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की महिला लाभार्थियों को वाहन की चाबी प्रदान की।
नीरा व पेड़ा बना रहीं गीता देवी से बाेले- खुद आगे बढ़ें और दूसराें काे भी प्रेरित करें
मुख्यमंत्री ने जीविका समूह व पद्मश्री राजकुमारी देवी उर्फ किसान चाची के स्टॉलों काे देखा। किसान चाची ने उन्हें बताया कि आपने जो कहा है कि हर थाल में कम से कम एक बिहारी व्यंजन हो, इस कार्य में हम लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने नीरा और पेड़ा बनाने वाली गीता देवी से कहा-खुद आगे बढ़ें और दूसराें काे भी प्रेरित करें।
मुजफ्फरपुर बहुत महत्वपूर्ण जगह, जल्द होगा और विकास
कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मुजफ्फरपुर जिले का काफी इंपोर्टेंस है। आबादी के हिसाब से यहां जल्द विकास का प्रयास कर रहे हैं।
अमित शाह के क्लीन स्वीप के दावे पर नीतीश बोले- तो वे खुशी मनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाजपा के क्लीन स्वीप वाले दावे पर कहा-’… तो वे लोग खुशी मनाएं।’ नीतीश ने कहा-’सबको बोलने का अधिकार है। लोग बोलते रहते हैं। हमलोग काम करने वाले आदमी हैं। जनता की सेवा कर रहे हैं। अभी कोई राजनीतिक बात नहीं कर रहे हैं। हमसे अभी ये सब सवाल मत पूछिये। अभी हम सभी लोगों के हित में काम करने और सबके उत्थान में लगे हुए हैं।’यात्रा व बैठक के दौरान विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, मंत्री विजय चाैधरी, जितेन्द्र राय, इसराइल मंसूरी के साथ वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।



Leave a Reply