आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पीलापुर गांव के समीप गुरुवार की देर शाम बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं जख्मी युवक का इलाज जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक मूल रूप से शाहपुर थाना क्षेत्र के गौडाढ़ गांव वार्ड नंबर 4 निवासी स्व. लालधन ठाकुर का 22 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार ठाकुर है। वर्तमान में वह करीब ढाई वर्षो से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव वार्ड नंबर 5 में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। वह बेंगलुरु में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में करकट लगाने का काम करता था। जबकि जख्मी जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुलौर गांव निवासी गोपाल ठाकुर का पुत्र एवं मृतक के जीजे का भाई चंदन ठाकुर है। बताया जाता है कि मृत सोनू कुमार ठाकुर की शादी रोहतास जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरवलिया गांव में ठीक हुई थी और उसकी शादी 11 मई को होने वाली थी।

भोजपुर में गुरुवार की देर शाम बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया।
इधर,सोनू के चाचा राज कुमार ठाकुर ने बताया कि वह जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुलौर गांव अपनी बहन सोनी देवी के ससुराल शादी में बरातियों को ले जाने के लिए बस ठीक करने गया था। जब वह गुरुवार की देर शाम उसके देवर चंदन ठाकुर के साथ बाइक से वापस आरा लौट रहा था। उसी दौरान पीलापुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए परिजन द्वारा जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी सोनू कुमार ठाकुर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन दोनों को जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने दे सोनू कुमार ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वही जख्मी चंदन ठाकुर का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है।वह एक माह पहले ही बेंगलुरु से वापस अपने घर लौटा था।
लेकिन उसके सर पर सेहरा सजने से पहले ही घर से उसकी अर्थी उठ गई। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। मृतक के परिवार में मां सबिता कुंवर, एक बहन सोनी देवी एवं एक भाई मोनू ठाकुर है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां सबिता कुमार एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।



Comment here