STF की टीम ने नवगछिया में बड़ी कार्रवाई की है। अवैध तरीके से ले जाई जा रही गोलियों की एक बड़ी खेप को पकड़ा है। 7.65mm की कुल 400 गोलियां बरामद की गई है। टीम ने तीन हथियार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
दरअसल, इस बारे में STF को स्पेशल इनपुट मिली थी। इसके बाद इनपुट को वेरीफाई किया गया। तब पता चला कि दो बाइक पर सवार होकर तीन हथियार तस्कर गोलियों की डिलीवरी करने निकले हैं। इसके बाद ही नवगछिया में भवानीपुर आउट पोस्ट के तहत छापेमारी की गई।
STF ने समस्तीपुर के साख मोहन के रहने वाले नीतीश कुमार उर्फ सत्यम, बेगूसराय के साहेबपुर कमाल के रहने वाले गोलू कुमार सिंह उर्फ अभिज्ञान और नाव कोठी के रहने वाले गौरव कुमार सिंह उर्फ छोटू को पकड़ा। ये तीनों ही पुराने हथियार तस्कर हैं। लंबे समय से अपराधियों को गोली, पिस्टल और कट्टा उपलब्ध कराते आ रहे हैं।
इस बार भी ये गोलियों की खेप बदमाशों को ही पहुंचाने जा रहे थे। पर उसके पहले ही पकड़ लिए गए। इनके पास से गोलियों के अलावा 35 हजार रुपए कैश, 2 बाइक और 2 मोबाइल को जब्त किया गया है। अब STF की टीम इनके कनेक्शन को खंगालने में जुटी है। तीनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है।



Leave a Reply