Breaking News

परिजनों का आरोप:सरैया में एक दिन पहले से लापता छात्र का पेड़ से लटका मिला शव,उसकी हत्या कर आत्महत्या, हत्या का आरोप

सरैया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 मानिकपुर की लीची गाछी में गांव के ही एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला। लीची के पेड़ से लटके शव की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष घटना स्थल पर पहुंचे। शव की पहचान गांव के शिवनाथ यादव के 16 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई।

वह नाैवीं कक्षा का छात्र था और मंगलवार से घर से लापता था, परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे। इसी बीच सूचना मिली कि गांव के ही एक लीची गाछी से एक शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। उधर, मनीष का शव पेड़ से लटके हाेने की सूचना पर उसके घर में चीत्कार मच गया। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देकर शव को लीची के पेड़ से लटका कर आरोपी फरार हो गए।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे निकालकर मोबाइल जब्त कर उसका पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए शव एसकेएमसीएच भेज दिया। दाे बहनाें के बीच मनीष अकेला भाई है। दाेनाें का राेते-राेते बुरा हाल था। थाना अध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। हत्या है या आत्महत्या है, इसकी तहकीकात की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो सकेगा। उधर, ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर जल्द खुलासा करें और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

सड़क पार कर रहे किशोर को ट्रक ने मारी ठोकर, माैत
करजा थाना क्षेत्र के गोनौरा इंडा के समीप बुधवार को अनियंत्रित ट्रक की ठोकर से 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए पीएचसी करजा ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान करजा थाना क्षेत्र के फंदा निवासी लालबाबू साह के 17 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि अंशु गोनौरा इंडा के समीप किसी काम से गया था। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। करजा पुलिस जख्मी को उठाकर इलाज के लिए पीएचसी ले गई, जहां से एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। इसी क्रम में रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.