Breaking News

बिहार के 15 जिलों में गिरा पारा:गया का पारा गिरकर 10.8 पहुंचा; सीवान, बक्सर, बेगूसराय सबसे अधिक प्रदूषित शहर

पटना समेत पूरे बिहार में ठंड ने दस्तक दे दी है। आज से दिसंबर महीना भी शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल पूरे बिहार की बात करें तो यहां अलग-अलग शहरों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से लेकर 14 डिग्री के बीच रह रहा है।

पूरे बिहार में ठंड का असर और भी अधिक होने के आसार है। लेकिन बुधवार की बात करें तो गया जिला सबसे ठंडा रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले भागलपुर जिले का सबौर सबसे ठंडा क्षेत्र बना था। जहां 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

इसके अलावा पटना में 14.2, बांका 11.1, भागलपुर में 15.6, पूर्णिया में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा की मजबूत स्थिति के चलते ग्रामीण और शहरी इलाकों में धुंध की स्थिति लगातार बनी हुई है।

आज सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया।

आज सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया।

15 जिलों के तापमान में दर्ज की गई कमी

बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के 15 जिलों के तापमान में गिरावट आई है। इसमें अररिया, पूर्णिया, भागलपुर, सबौर, बांका, सहरसा, सुपौल, नालंदा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, सारण, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और सिवान जिले शामिल हैं।

लगातार खराब हो रही हवा, देश में टॉप पर सीवान

पटना में वायु प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को प्रदूषण के मामले में देश के छह टाॅप शहराें में बिहार के सीवान, बक्सर, बेगूसराय और छपरा रहे। पटना की स्थिति भी गंभीर रही। सीवान का एक्यूआई लेवल 460 और पटना का 395 रहा। हालत यह है कि अब सड़क पर निकलने पर आंखों में जलन महसूस हो रही है। सबसे अधिक प्रदूषित हवा राजाबाजार इलाका की है। वहां का एक्यूआई लेवल 444 रिकॉर्ड किया गया है। इसके साथ ही तारामंडल इलाके का एक्यूआई लेवल 399, ईको पार्क का 382, पटना सिटी का 361, गांधी मैदान का 379 और दानापुर का 385 रहा। विशेषज्ञाें के मुताबिक, अब बारिश या तेज हवा चलने पर ही राहत मिलेगी।

मास्क लगा कर सड़क पर निकलें

जनरल फिजिशियन डाॅ. दिवाकर तेजस्वी ने कहा-प्रदूषण से राहत के लिए घर से निकलें तो मास्क लगा लें। हवा में कार्बन मोनो ऑक्साइड बढ़ने के कारण पीएम 2.5 लेवल बढ़ गया है। इससे आंखों में जलन महसूस हो रही है। ऐसे में एलर्जी, दमा, हृदय सहित अन्य रोगाें के मरीजों को अधिक नुकसान पहुंचता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.