Breaking News

बिहार में निकाय चुनाव की फिर बजी डुगडुगी:18 और 28 दिसंबर को होगा मतदान, पुरानी प्रक्रिया को ही बढ़ाया गया आगे

बिहार में नगर निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए खुशखबरी है। इसी दिसंबर महीने में नगर निकाय का चुनाव होगा। 18 दिसंबर को पहले चरण का चुनाव कराया जाएगा, जिसकी मतगणना 20 दिसंबर को होगी। वही, दूसरे चरण की वोटिंग 28 दिसंबर को की जाएगी और उसकी काउंटिंग 30 दिसंबर को की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसे लेकर आज शाम सभी जिलाधिकारियों को लेटर जारी कर दिया है। राज्य में पहले नगर निकाय चुनाव 10 और 20 अक्टूबर को होने थे। लेकिन आरक्षण का मामला फंसने की वजह से पटना हाईकोर्ट ने चुनावों पर रोक लगा दी थी।

निर्वाचन आयोग ने आज जारी लेटर में यह बताया है कि जिन प्रत्याशियों ने अपना नॉमिनेशन कर लिया है और जिन्हें चुनाव चिन्ह प्राप्त हो गया है, उसी के आधार पर यह चुनाव आगे कराया जाएगा। जितनी प्रक्रिया हो चुकी है उसके बाद की जो प्रक्रिया है, मतदान और मतगणना की उसकी तारीख में सिर्फ बदलाव किया गया है। सारी प्रक्रियाएं पुरानी ही रहेंगी। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि यदि किसी भी आदेश में अभ्यर्थियों या अधिकारियों को किसी भी तरह का कोई कन्फ्यूजन हो तो, वह आयोग से संपर्क कर सकते हैं। आगे देखिए, आयोग ने अपने लेटर में क्या लिखा है –

वोटिंग से 6 दिन पहले चुनाव हुआ था स्थगित

नगर निकाय चुनाव को लेकर सितंबर में बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने नोटिफिकेशन जारी किया था। चुनाव की तारीखों का ऐलान भी कर दिया गया था। 10 अक्टूबर को पहले चरण और 20 अक्टूबर को दूसरे चरण का चुनाव होना था। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों नामांकन भी कर दिया था। नामांकन करने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने इलाके में सक्रिय थे और चुनाव प्रचार भी करने लगे। सिंबल मिलने के बाद प्रत्याशियों ने बैनर और पोस्टर भी छपवा लिये। लेकिन पटना हाईकोर्ट के एक फैसले के बाद चुनाव पर रोक लग गई।

अब जानिए, बिहार के नगरीय निकाय चुनाव का A to Z

इन दो चरणों में 224 नगरपालिका का चुनाव होना है। इनमें 17 नगर निगम, 70 नगर परिषद, और 137 नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें कुल एक करोड़ 14 लाख 52 हजार 759 मतदाता हिस्सा लेंगे। नोटिफिकेशन के साथ ही राज्य के शहरी क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है। इसके अलावा पटना, बक्सर, नालंदा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, सहरसा और किशनगंज के 24 नगरपालिका में तीसरे चरण में चुनाव कराए जाएंगे। इसकी अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.