Breaking NewsDELHIUTTAR PRADESH

BreakingNews: बसों में भरकर बस डिपो जा रहे लोग, UP सरकार ने घर तक पहुंचाने के किए इंतजाम…

गाजियाबाद के यूपी गेट पर आकर फंसे हजारों हजार लोगों को जिला प्रशासन ने बसों में भरकर कौशांबी डिपो भेजना शुरू कर दिया है। कौशांबी डिपो से इन लोगों को दूसरी बसों में बैठाकर यूपी के विभिन्न शहरों में भेजा जाएगा।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कौशांबी डिपो में उत्तर प्रदेश के दर्जनों शहरों के लिए बसें आकर लग गई हैं। बस भरते ही उन्हें रवाना करने का काम शुरू कर दिया है। इधर, यूपी गेट से भी लोगों को बसों में बैठाकर कौशांबी डिपो भेजा जा रहा है। इससे यूपी गेट पर धीरे-धीरे भीड़ कम होने लगी है।

यूपी गेट पर भीड़ की सूचना पर दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई अधिकारी पहुंचे। वहीं, गाजियाबाद के जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, एसएसपी और पुलिस अधीक्षक नगर ने भी मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। दूसरी ओर, लालकुआं से भी बसों में लोगों को बैठाकर यूपी के विभिन्न शहरों के लिए रवाना किया जा रहा है। मौके पर मौजूद यातायात निरीक्षक परमहंस तिवारी ने बताया कि अभी भीड़ काफी है, इसलिए बसें आते ही भर जा रही हैं

गौरतलब है कि कोरोना लॉकडाउन के बीच अपने घरों को जाने वाले गरीब, मजदूर और प्रवासी कामगारों को उनके गांवों तक पहुंचाने के लिए दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कौशांबी बसअड्डे से हर रोज एक हजार बसों का परिचालन होगा। यहां से उत्तर प्रदेश के अधिकांश सभी शहरों के लिए बस चलाई जाएंगी। बस सेवा लगातार जारी रहेगी जब तक यात्री आते रहेंगे। इसके लिए पूरे प्रदेश से बसें मंगाई गई हैं। लाल कुआं से कल 100 बसें भेजने के बाद रात 01 बजे से अभी सुबह 10 बजे तक 45 और बसें अलग-अलग शहरों के लिए रवाना की गई हैं।

यूपीएसआरटीसी के एमडी राज शेखर ने आज एक सर्कुलर जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों पर, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम (UPSRTC) दिल्ली के बॉर्डर जिले में विभिन्न बिंदुओं पर अटके हुए लोगों को परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए बसों की तैनाती कर रहा है। इन बसों ने नोएडा और गाजियाबाद पहुंचना भी शुरू कर दिया है। सुबह 8 बजे से हर 2 घंटे में लगभग 200 बसें  अलग-अलग जिलों के लिए प्रस्थान करेंगी।

डीएम और एसएसपी से बसें न रोकने का अनुरोध

कुछ बसें जो पहले ही गाजियाबाद नोएडा और सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़ चुकी हैं, यूपी में विभिन्न गंतव्य के लिए रास्ते पर हैं। हमें इन बसों को विभिन्न जिलों में विभिन्न जांच बिंदुओं पर रोकने के कुछ मुद्दे मिले हैं। सरकार ने अब इन सभी यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। इसलिए, यूपीएसआरटीसी ने सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी, एसपी से अनुरोध किया है वे अपने सभी बॉर्डर चेक प्वॉइंट पर इन बसों को न रोकने की सूचना दें। सभी से अनुरोध है कि इन बसों को अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंचने के लिए अनुमति दें और सुविधा प्रदान करें। दिल्ली की सीमा से लेकर यूपी के विभिन्न जिलों में लोगों को ले जाने का विशेष कार्य आज 28 अप्रैल और 29 मार्च तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.