स्मार्ट सिटी में सड़कों के चौड़ीकरण में अतिक्रमण बड़ी बाधा बनी हुई है। ये अतिक्रमण पक्के निर्माण से लेकर सड़क के बीच धार्मिक स्थल की शगल में हैं। कहीं बीच सड़क पर ही मंदिर बना हुआ है तो कहीं मजार। इन धार्मिक स्थलों के कारण सड़क की चौड़ाई सिमट कर रह गई है।:
मिठनपुरा रोड में जुब्बा सहनी पार्क से आगे श्री गौरीशंकर मंदिर और कंपनीबाग में शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम के सामने स्थित बाबा झिन्नू शाह का मजार। दोनों निर्माण सड़क पर ही है। इसके बाद भी इसे हटाया नहीं जा रहा। हालांकि, शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलता है लेकिन सिर्फ ठेला-खोमचा वालों को हड़काने के लिए। लेकिन, इस अतिक्रमण को प्रशासन छूता तक नहीं है।
एक साल पूर्व ही नगर निगम ने कंपनीबाग रोड में शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम के पास से झिन्नू साह का मजार और जूरन छपरा चौक से दो मंदिरों को हटाने का नोटिस जारी किया था। लेकिन, अब तक अतिक्रमण यथा स्थिति में है। इसी तरह, शहर के जूरन छपरा चाैक पर भी सड़क किनारे हनुमान मंदिर स्थित है, जिसके कारण प्रतिदिन वहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
श्री गौरीशंकर मंदिर : एक लेन की आधी सड़क पर मंदिर, यहां थम जाती है ट्रैफिक
मिठनपुरा राेड के चौड़ीकरण से पूर्व श्री गाैरीशंकर हनुमान मंदिर सड़क किनारे स्थित था। लेकिन, जैसे ही चाैड़ीकरण किया गया, मंदिर सड़क के बीचों-बीच आ गई। इससे एक लेन की सड़क तो चाैड़ी हाे गई। लेकिन, दूसरी लेन में मंदिर के पास सड़क की चौड़ाई आधी रह गई है। इससे वहां ट्रैफिक थम सी जाती है। पानी टंकी चौक से लेकर मिठनपुरा तक सड़क का चाैड़ीकरण कर लिया गया। लेकिन, यहां अब भी सड़क संकरी है। मंदिर काे शिफ्ट करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू की ताे लाेगाें के विराेध के बाद मामला शांत पड़ गया।
झिन्नू शाह मजार : सड़क चाैड़ीकरण ताे दूर नाला बनाने का काम भी है बाधित
जूरन छपरा चौक से कंपनीबाग होते सरैयागंज तक सड़क व नाला निर्माण हो रहा है। लेकिन, शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम के पास स्थित झिन्नू शाह का मजार सड़क के चौड़ीकरण में बाधा बनी हुई है। इस हटाने को लेकर प्रशासन ने एक बार कवायद शुरू की थी। इसके बाद मामला ठंडा पड़ गया। इसके कारण काफी समय से सड़क चाैड़ीकरण ताे दूर वहां नाला बनाने का कार्य भी बाधित है। कुछ दिन पहले लाेगाें ने इसे सड़क किनारे से हटाने का विराेध भी किया था। प्रशासन ने बातचीत कर मामले को शांत कराया।
सड़क चाैड़ीकरण करना अच्छी बात है। इससे सुविधा हाेगी। लेकिन, मंदिर लाेगाें की आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए ऐसी ही मंदिर किसी अन्य स्थान पर बनवा दिया जाए। -पंडित गणेश झा, पुजारी, गौर शंकर हनुमान मंदिर
मिठनपुरा राेड स्थित गाैरी शंकर हनुमान मंदिर काे शिफ्ट करने के लिए विकल्प तलाशा जा रहा है। काेई दानदाता आगे आते हैं ताे इसके लिए पहल की जाएगी। कंपनीबाग स्थित झुन्नू साह मजार की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है। – ज्ञान प्रकाश, एसडीओ पूर्वी
…. और इसलिए भी इंदौर है देश में नंबर-1 स्मार्ट सिटी, धार्मिक स्थल नहीं बने बाधा
देश की नंबर-1 स्मार्ट सिटी इंदौर में हिंदु-मुसलमानों ने खुद पहल कर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क निर्माण में बाधा बन रहे धार्मिक स्थलों के हिस्से को हटाने का फैसला किया। सिलावटपुरा मस्जिद का 20 फीट हिस्सा सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहा था। जिसे मस्जिद समिति ने हटाने का निर्णय लिया। वहीं, हिंदू पक्ष ने बाधक बने प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर समेत एक दर्जन मंदिरों के कुछ हिस्से को हटाने पर सहमति दी।



Leave a Reply