Breaking News

चिल्ला-चिल्लाकर बोले नीतीश- तेजस्वी को हैप्पी बर्थडे बोलिए:पटना में मंच पर लगाया गले

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के जन्म दिन पर उन्हें गले से लगाकर शुभकामनाएं दी। नीतीश कुमार ने मंच से तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही चिल्ला-चिल्लाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा….हैप्पी बर्थ डे बोलिए…हाथ उठाकर बोलिए, खड़े होकर बोलिए। सीएम के इतना कहते ही ज्ञान भवन का पूरा हॉल तेजस्वी यादव हैप्पी बर्थ डे टू यू से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी दोनों पटना के ज्ञान भवन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग एवं पंचायती राज विभाग की ओर से आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए थे। इस समारोह में सीएम ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े पॉलिटेक्निक कालेज के 281 सहायक प्राध्यापक को और 144 प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया। इस मौके पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, पंचायती राज विभाग के मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम और साइंस टेक्नोलॉजी मिनिस्टर सुमित कुमार सिंह मौजूद रहे।

तेजस्वी ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया

नीतीश कुमार के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। तेजस्वी का जन्मदिन इस तरह से सेलिब्रेट करने पर तेजस्वी यादव ने सार्वजनिक रूप से नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। बता दें कि नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव की तरफ हाथ दिखाकर कई बार कह चुके हैं कि अब इन्हें ही आगे बढ़ाना है।

तेजस्वी ने नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

दूसरी तरफ लालू प्रसाद तमाम विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने में नीतीश कुमार की मदद कर रहे हैं। लालू प्रसाद और नीतीश कुमार एकसाथ मिलकर सोनिया गांधी से भी मिलने गए थे। राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच यह बात है कि नीतीश कुमार के लिए पीएम का रास्ता बनाने में लालू प्रसाद मदद करेंगे और नीतीश कुमार, बिहार का मुख्यमंत्री बनने में तेजस्वी का रास्ता बनाएंगे।

बड़े भाई तेजप्रताप और मां के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाते तेजस्वी।

गलबहियां की चर्चा सबसे ज्यादा

तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर नीतीश-तेजस्वी की गलबहियां को देख राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच यह मैसेज भी जा रहा है कि अब जनता दल और जदयू परिवार राजनीतिक रूप से एक होने की तरफ बढ़ रहा है। प्रेम कुमार मणि जैसे वरिष्ठ नेता दोनों पार्टियों के एक होने की जरूरत पहले ही बता चुके हैं।

पहले भी गले मिलते नजर आ चुके हैं नीतीश-तेजस्वी।

पहले भी गले मिलते नजर आ चुके हैं नीतीश-तेजस्वी।

आरजेडी ने कहा- तेजस्वी का यह जन्मदिन नियुक्ति पत्र वाला

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सभी ने उनको जन्मदिन की बधाई दी। आरजेडी के ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो जारी हुआ है। इसमें लिखा है “पंचायती राज विभाग एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जी, नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए! तेजस्वी जी का यह जन्मदिन रहा नियुक्ति पत्र वाला!”

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.