Breaking News

अनंत सिंह इसी बग्घी से जाते थे विधान सभा:सरकारी आवास पर 18 गायें हर दिन 100 किलो दूध देती हैं, घोड़ा भी पीता है

बाहुबली अनंत सिंह की प्रसिद्ध बग्घी उनके पटना स्थित सरकारी आवास में पड़ी है। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने मोकामा से विधान सभा उपचुनाव जीत लिया। लेकिन, बग्घी को शायद अनंत सिंह का ही इंतजार है। यह किनारे पड़ी है। उदास

अनंत सिंह की ताकत बरकरार !

अनंत सिंह एके 47 मामले में जेल में हैं। इसी मामले में उनकी विधायकी रद्द कर दी गई। लेकिन अनंत सिंह की ताकत है कि उन्होंने जेल में रहते हुए भी अपने रणनीतिकार कार्तिकेय कुमार को पटना विधान परिषद की सीट से जीत दिलवायी और पत्नी को मोकामा विधान सभा से।

लालू प्रसाद ने जब अनंत सिंह का विरोध किया था उस समय भी अनंत निर्दलीय जीत गए थे। नीतीश के शासन काल में अनंत कमजोर किए गए पर ताकत ऐसी कि इस बार के उपचुनाव में उनकी पत्नी को लोगों ने भरपूर वोट देकर जिता दिया। उन्होंने अपने लोगों के बीच रॉबिनहुड जैसी छवि बनाई है। अपराध से जुड़े कई गंभीर आरोप उन पर हैं।

महंगी कारों से ज्यादा प्रिय अनंत को यह बग्घी है, कभी इसी से विधान सभा जाते थे

अनंत सिंह के आवास में नीलम देवी की जीत पर उल्लास का माहौल है लेकिन उनकी बग्घी एक तरफ पड़ी है। अनंत पटना की सड़कों पर घूमते थे। उनके पास आलीशान गाड़ियां हैं इसके बावजूद उन्होंने काफी शौक से दिल्ली ये बग्घी मंगवाई थी। एक समय अनंत सिंह मर्सडीज जैसी महंगी गाड़ी छोड़ इसी बग्घी से विधान सभा पहुंचते थे। वे विधान सभा का नामांकन भरने भी इसी बग्घी से जाते थे। बग्घी अनंत सिंह के शान की निशानी थीं।

घोड़े की टाप के साथ यह आगे बढ़ती और अनंत सिंह अपने चिरपरिचित अंदाज में मूंछों पर ताव देते हुए इसकी सवारी करते थे। इस बग्घी के पहिए आदि अभी भी सही सलामत दिखते हैं। नियमित साफ- सफाई नहीं होने की वजह से सीट आदि पर थोड़ी धूल दिखती है। बग्घी में लाइट आदि भी लगे हैं। इसके सॉकर काफी मजबूत और आरामदायक हैं। ये पूरी बग्घी दिल्ली से तैयार करवाकर अनंत सिंह ने पटना मंगवायी थी।

​​​​​​18 गायों में 17 देशी गायें, अनंत सिंह का घोड़ा भी पीता है गाय का दूध

अनंत सिंह के पटना के सरकारी आवास पर ज्यादातर देशी गायें दिखती हैं। एक जर्सी गाय है बाकी साहिवाल और गिर गाएं हैं। इनको खिलाने के लिए चूल्हे पर भोजन तैयार किया जाता है।18 गायें सुबह 50 किलो और रात 50 किलो दूध देती हैं। गाय के दूध की बिक्री नहीं की जाती बल्कि जो लोग आते जाते हैं उन्हें पिलाया जाता है। अनंत सिंह का घोड़ा भी दूध पीता है हर दिन शाम के समय। अनंत के शौक अनंत हैं। जब हाथी उनके यहां था उस समय वह भी दूध पीता था।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.