अचानक एक विक्षिप्त युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। जिसके कारण स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सवार सभी यात्री बाहर निकल गए। घटना शुक्रवार की शाम पंडित दीनदयाल-गया रेलखंड के फेसर रेलवे स्टेशन की है। डेहरी-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस (3306) शाम में 4:15 बजे फेसर स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए ट्रेन स्टेशन पर रूकी।
इतने में ही एक विक्षिप्त ट्रेन की छत पर चढ़ गया और हाई वोल्टेज तार छूने की कोशिश करने लगा। यह देखते ही लोगों के होश उड़ गए। स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में लोग ट्रेन से बाहर निकलने लगे। फिर इसकी सूचना स्टेशन मास्टर व रेलवे पुलिस को दी गई।
लाईन कटवाकर विक्षिप्त को उतारा गया नीचे
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर सामंत कुमार व रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। फिर तत्काल लाईन को कटवाया गया और उक्त विक्षिप्त युवक को उतरने के लिए कहा गया, लेकिन वह उतर नहीं रहा था। बार-बार वह तार छूने की कोशिश कर रहा था। काफी मशक्कत के बाद विक्षिप्त युवक का ध्यान भटकाकर नीचे उतारा गया। जिसके बाद लाईन चालू करवाकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान 15 मिनट से ज्यादा समय तक ट्रेन रूकी रही। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस संबंध में स्टेशन मास्टर सामंत कुमार ने बताया कि विक्षिप्त युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया था। जिसे लाईन कटवाकर नीचे उतरवाया गया और ट्रेन को रवाना किया गया।



Leave a Reply