प्रकाश पर्व दीपावली संपन्न होने के साथ ही अब लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ में उपयोग होने वाले बांस से बने दउरा, छींटा, सूपली, डगरा आदि की दुकानें शहर में सज गई हैं। छठ में अभी चार-पांच दिन का समय है, लेकिन अभी से इन सामग्रियों की खरीदारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी दउरा, सुपली की बिक्री ने जोर पकड़ा है, लेकिन बिक्री शुरू हो चुकी है। फिलहाल लोगों का ध्यान दीपावली और धनतेरस की खरीददारी पर था। लेकिन उनके संपन्न होने के साथ ही अब महापर्व छठ की खरीदारी शुरू हो गई है। मंगलवार को शहर में जहां कई दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे या विलंब से खुले। वहीं शहर के कई चौक-चौराहों पर दउरा, छींटा की स्थायी व अस्थाई दुकानें खुली रहीं। लोगों ने खरीदारी भी की।
महापर्व छठ में लगने वाली बांस से बनी दउरा, छींटा आदि की कीमतें इस बार भी हाई हैं। बाजार में अलग-अलग साइज के दउरा व छींटा की कीमतें अलग-अलग हैं। अभी बाजार में सामान्यतः सुपली की कीमत 50 रुपए से लेकर 80 रुपए तक है। जबकि दउरा 200 से लेकर 700 रुपए तक बिक रहा है। वहीं छींटा की कीमत 150 से लेकर 400 तक है। जबकि डगरा 150 से लेकर 350 रुपए तक बिक रहा है जो कि सामान्य दिनों से अधिक है। इसमें भी मांग के अनुरूप बांस से बनी इन सामानों की कीमत घटती बढ़ती रहती है। पिछली बार मांग में तेजी आने के बाद 50 रुपए में बिकने वाली सुपली 80-90 रुपए तक बिकी थी।




Leave a Reply