गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद दीघा से क्लेक्ट्रेट के बीच 14 घाटों पर छठ महापर्व की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार की सुबह डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने दीघा से राजापुर पुल तक पैदल तीन घंटे तक घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान एप्रोच रोड बनाने के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। बीएसआरडीसी के डीजीएम को जेपी गंगापथ से तीन जगहों पर गाड़ी उतारने और तीन जगहों पर व्रतियों के पैदल जाने के लिए एप्रोच रोड बनाने का निर्देश दिया। साथ ही डीएम ने गंगा पथ के नीचे उत्तर बने रोड की मरम्मत कराने काे कहा।
पिछले पांच दिन में गंगा के जलस्तर में 1.15 मीटर की कमी आई है। प्रतिघंटे 1 सेमी की कमी आ रही है। जेपी गंगा पथ के अंडरपास से पानी निकल रहा है। उत्तर तरफ भी दियारा से पानी निकलने के साथ मिट्टी सूख रही है। 21 सेक्टर पदाधिकारियों को 105 घाटों की तैयारी की जिम्मेवारी दी गई है। दीघा से लेकर गेट नंबर 83 तक एप्रोच रोड सुगम है। सिर्फ गेट नंबर 93 के पास अंडरपास में पानी है। घाट पर भी अभी पानी है। हालांकि घाट से भी पानी हट रहा है। 25 या 26 अक्टूबर को खतरनाक घाटों की सूची जारी हाेगी।
स्थिति सुधरी तो इन 14 घाटों पर हाेने लगी तैयारी
शिवाघाट, पाटीपुल घाट, जनार्दन घाट, मीनार घाट, दीघा पोस्ट ऑफिस घाट, बिंद टोली घाट, गेट नंबर 92 और 93 घाट, गेट नंबर 88 बालू घाट, गेट नंबर 83 संत माइकल स्कूल घाट, कुर्जी बालू घाट, कुर्जी घाट, एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट और पहलवान घाट।





Leave a Reply