नेपाल में हो रही लगातार बारिश के चलते बिहार में बाढ़ के हालात बन गए हैं। गंडक के बाद कोसी नदी भी उफान पर चल रही है। इसके चलते कोसी बैराज के 56 में से 25 गेट खोले गए हैं। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। कई गांवों में नदी का पानी घुसना भी शुरू हो गया है।
बिहार से 15 अक्टूबर तक मानसून की विदाई हो सकती है। इससे पहले कई जिलों में हल्की तो कई में भारी बारिश हो रही है। बिहार के सभी जिलों में आज भी बारिश की संभावना है। वहीं कई जिलों में वज्रपात की भी आशंका है।
राज्य के दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-मध्य और उत्तर-पूर्व भाग में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। इस हफ्ते ही बिहार से मानसून की विदाई संभव है। वहीं मौसम विभाग के द्वारा बिहार के 33 जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश और बिजली को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

पटना समेत 33 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
33 जिलों में अगले 24 घंटे तक बारिश होने के आसार
जिन 33 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है…उनमें पटना, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, नवादा, खगड़िया, सीतामढ़ी,मुंगेर, वैशाली, जमुई, शिवहर, दरभंगा, नालंदा, रोहतास, भोजपुर, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, गया, कैमूर, मधुबनी, बाँका, बक्सर, औरंगाबाद, पूर्णिया, अररिया, अरवल, शेखपुरा, सहरसा, जहानाबाद, सुपौल और लखीसराय शामिल हैं।

15 अक्टूबर तक राज्य से मानसून वापसी की संभावना है।
बिहार से कब तक जाएगा मानसून ?
मौसम विभाग की माने तो मानसून की वापसी इसी हफ्ते में हो सकती है। 15 अक्टूबर के बाद मानसून की वापसी का संकेत मिल रहे हैं। अभी राज्य भर में पछुआ हवा का प्रभाव 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा बना है। पटना का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस, वही मोतिहारी का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

गोपालगंज में रिंग बांध टूटने से कई गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है।
दिवाली-छठ से पहले बिहार में बाढ़ का खतरा
छठ और दीपावली से पहले बिहार में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वाल्मीकि नगर बराज से पानी छोड़े जाने की वजह से गंडक नदी उफान पर है। इसके कारण पश्चिम और पूर्वी चंपारण के लोग बाढ़ की तबाही से जूझ रहे हैं।
सोमवार को गोपालगंज में अत्यधिक दबाव से गंडक नदी का रिंग बांध टूट गया था। इससे कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। इससे लगभग ढाई लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो गई। भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा नदी लाल निशान के ऊपर बह रही है। कटिहार में कोसी नदी तबाही मचा रही है।

गंडक नदी में उफान से पश्चिम और पूर्वी चंपारण के लोग बाढ़ की तबाही से जूझ रहे हैं।
अलर्ट रहने की अपील
मौसम विभाग ने लगातार हो रही बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को सावधान रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने जारी की रिपोर्ट में बताया है कि मध्यम और हल्की बारिश के दौरान वज्रपात की संभावना ज्यादा होती है।







Comment here