Breaking News

तेज प्रताप यादव-श्याम रजक विवाद!:RJD छोड़कर LJP ज्वाइन करने के सवाल पर राष्ट्रीय महासचिव ने कहा- कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हूं

लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और श्याम रजक के बीच का विवाद किस मुकाम तक पहुंचेगा इसका इंतजार लोग कर रहे है! एक ऑडियो वायरल होने के बाद तेजप्रताप यादव का गुस्सा भड़का था और वे दिल्ली में आयोजित राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी का बैठक से गुस्से में निकल गए थे। बाहर आकर उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पीए को साला कहा गया और उनकी बहन को गाली दी गई। तेज ने यह भी कहा कि श्याम रजक आरएसएस के एजेंट हैं। इसके बाद श्याम रजक की तबीयत खराब हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बता दें कि श्याम रजक राजद के वरिष्ठ नेता हैं। वे लालू-नीतीश की सरकार में कई विभागों में मंत्री रह चुके हैं। अभी वे राजद के राष्ट्रीय महासचिव हैं।

भतीजे के निधन के बावजूद राजद के कार्यक्रम में लगे रहे

अस्पताल में ठीक होने के बाद श्याम रजक सोमवार को पार्टी के खुला अधिवेशन में भाग लेने पहुंचे। दूसरी तरफ तेजप्रताप यादव, मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने यूपी के सेफई गए। श्याम रजक दिल्ली से पटना आ चुके हैं। वे इस समय अपने भतीजे के निधन से आहत हैं। उन्होंने दिल्ली में कहा भी कि भतीजे के निधन के बावजूद मैं राजद का कार्यक्रम में लगा रहा। मैं दलित हूं और दलित तो कमजोर होता ही है।

क्या आप राजद छोड़ लोजपा में जाएंगे, इस सवाल को टाल गए श्याम रजक

अब इस बात का कयास लगाया जा रहा है कि श्याम रजक राजद में रहेंगे कि नहीं ! क्या श्याम रजक, लोजपा में जा सकते हैं! भास्कर ने श्याम रजक से बात की और पूछा कि इसकी चर्चा खूब है कि आप राजद को छोड़ लोजपा में जा सकते हैं? श्याम रजक ने कहा कि मेरा भतीजा डेथ कर गया है, मुझे इससे बड़ा धक्का कुछ नहीं लग सकता और ऐसे समय भी आप इस तरह के सवाल कर रहे हैं! मैं कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हूं।

कभी राम और श्याम की जोड़ी हुआ करती थी राजद में

तेजप्रताप यादव ने वायरल ऑडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बात रखने की बात कही थी लेकिन उन्होंने श्याम रजक के बारे में कुछ आगे कुछ नहीं कहा। इसलिए माना जा रहा है कि इस बारे में लालू प्रसाद ने उन्हें समझाया है कि मामले को तूल देना ठीक नहीं है। बता दें कि किसी जमाने में राजद के अंदर राम और श्याम की जोड़ी हुआ करती थी। वह जोड़ी टूट गई। रामकृपाल यादव ने लालू प्रसाद का साथ छोड़ दिया और भाजपा के टिकट पर पाटलिपुत्रा से लोकसभा का चुनाव लड़ा। तब पाटलिपुत्रा से लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती मैदान में थी। रामकृपाल यादव ने मीसा भारती को चुनाव में हराकर कड़ा जवाब दिया था। रामकृपाल केन्द्र में मंत्री भी बनाए गए। हालांकि श्याम रजक ने भी लालू यादव का साथ छोड़ा था और नीतीश कुमार के साथ चले गए थे लेकिन विधान सभा चुनाव 2020 के पहले वे लालू प्रसाद की पार्टी राजद में आ गए। राजद ने उन्हें विधान सभा टिकट देने जरूरी नहीं समझा। जिस फुलवारी सीट से श्याम रजक जीतते थे वह महागठबंधन में माले के पास चली गई थी और माले के गोपाल रविदास की जीत हुई। श्याम रजक को राजद ने राष्ट्रीय महासचिव जरूर बनाया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.