BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार लॉक डाउन: CM नीतीश ने की जनता से अपील, घर के अंदर रहें, पैनिक क्रियेट ना करें…

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से आमलोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये बिहार सरकार ने तत्काल प्रभाव से बिहार के सभी शहरों को लॉक डाउन कर दिया है। रविवार को पटना में कोरोना से हुई एक मौत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक कर हालात का जायजा लेने के बाद यह फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने संदेश जारी कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से फिलहाल 31 मार्च 2020 तक के लिये सभी जिला मुख्यालयों, सभी अनुमंडल मुख्यालयों, सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं सभी नगर निकायों के लॉक डाउन का निर्णय लिया गया है। निजी प्रतिष्ठानों, निजी कार्यालयों एवं सार्वजनिक परिवहन पूर्णत: बंद रहेंगे। परंतु, आवश्यक एवं अनिवार्य सेवाओं से संबंधित प्रतिष्ठानों यथा चिकित्सा सेवाओं, खाद्यान्न एवं किराने के प्रतिष्ठान, दवा की दुकानों, डेयरी एवं डेयरी से संबंधित प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप एवं सीएनजी स्टेशन, बैंकिंग एवं एटीएम, पोस्ट ऑफिस तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया आदि सेवाओं एवं इन सेवाओं के लिये उपयोग किये जा रहे वाहनों को इस आदेश की परिधि से बाहर रखा गया है।

राज्य के तमाम लोगों से सहयोग की अपील की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के तमाम लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही इस मुहिम में अपना पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जब भी संकट का समय आया है तो हमने सभी लोगों के सहयोग से उस पर विजय पायी है। संकट की इस घड़ी में सरकार सभी लोगों के साथ है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करने में सक्षम होंगे। मैं सब लोगों से यही अपील करूंगा कि आप सब लोग अपने घर के अंदर रहें। इधर-उधर अनावश्यक आने-जाने की जरूरत नहीं है। इन सब चीजों से संबंधित सारे मामलों की जानकारी दी जा रही है। समाचार पत्रों के माध्यम से भी जानकारी दी जा रही है। इन सब चीजों का ख्याल रखें और हम सब मिलकर इस परिस्थिति का मुकाबला कर सकते हैं और इसमें कामयाब होंगे।

हर व्यक्ति का सचेत रहना नितांत आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस से पूरी मानव जाति संकट में है। हम सब इस महामारी का डट कर मुकाबला कर रहे हैं। आवश्यक सावधनियां भी बरती जा रही हैं किंतु इस बीमारी की गंभीरता को देखते हुये प्रत्येक व्यक्ति का सचेत रहना नितांत आवश्यक है। इसका सबसे अच्छा उपाय सोशल डिस्टेंसिंग है

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.