Breaking News

कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः गांधी परिवार को मिल गया चेहरा-मोहरा, खरगे के नामांकन की अंतर्कथा

कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः गांधी परिवार को मिल गया चेहरा-मोहरा, खरगे के नामांकन की अंतर्कथा

हरि वर्मा

कांग्रेस अध्यक्ष के नामांकन के साथ ही मल्लिकार्जुन खरगे का नया पार्टी अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। परिवारवाद की परछाई से उबरने की कोशिश में जुटी कांग्रेस को गैर गांधी परिवार का एक चेहरा-मोहरा मिल गया है। खरगे को भले गांधी परिवार की ओर से थोपा गया आधिकारिक प्रत्याशी न भी माना जाए और शशि थरूर की उम्मीदवारी से लोकतंत्र का दिखावा हो, तब भी सच तो यही है कि खरगे गांधी परिवार के न केवल वफादार हैं बल्कि पसंद भी।

खरगे ही क्यों

अशोक गहलोत के ना कहने के बाद उलझन में घिरे कांग्रेस हाईकमान ने काफी सोच-समझ कर मल्लिकार्जुन खरगे को मैदान में उतारने का मन बनाया। खरगे जगजीवन राम के बाद दूसरे दलित चेहरा के साथ-साथ दक्षिण भारत से जुड़े हैं। सारे समीकरण कांग्रेस के लिए मुफीद हैं। कांग्रेस को दक्षिण और दलित कार्ड से खासी उम्मीद है। भारत जोड़ो के रोडमैप पर नजर दौड़ाएं तो यह भी दक्षिण से उत्तर की ओर जारी है। अशोक गहलोत के ना कहने के बाद हाईकमान के साथ-साथ कांग्रेस के दिग्गजों के लिए खरगे का चेहरा ही सर्वमान्य था। एक दिन पहले तक दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नामांकन की दावेदारी करते नजर आए । खरगे का नाम आते ही, वह प्रस्तावक बन गए। अशोक गहलोत भी खरगे के प्रस्तावक हैं। जी 23 की ओर से भी उम्मीदवारी न करने का फैसला आया। शशि थरूर और खरगे के नामांकन शो के दौरान कांग्रेसियों का समर्थन स्पष्ट कर रहा था कि खरगे ने बाजी मार ली है। चुनाव और लोकतंत्र के दिखावे के लिए भले शशि थरूर नाम वापस न भी लें तो यह फ्रेंडली मैच ही होगा, जैसा गहलोत साफ कर चुके हैं।

भरोसेमंद चेहरा

खरगे गांधी परिवार के भरोसेमंद चेहरा हैं। कर्नाटक के खरगे 9 बार विधायक और 2 बार सांसद रहें। 2014 में वह लोकसभा चुनाव जीते लेकिन 2019 में हार गए। गांधी परिवार के आशीर्वाद की वजह से वह राज्यसभा में पहुंचे। गुलाम नबी आजाद की राज्यसभा से सेवानिवृत्ति के बाद कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें सदन का नेता प्रतिपक्ष बनाया। नेशनल हेराल्ड मामले में घिरे गांधी परिवार को मल्लिकार्जुन का हमेशा साथ मिला। अशोक गहलोत के ना कहने के बाद गांधी परिवार के लिए खरगे से बेहतर कोई चेहरा-मोहरा नहीं था, जिसे पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी के लायक समझा जाए। खरगे विपक्ष की राजनीति और विपक्ष की लामबंदी में भी पार्टी को सम्मान दिलाने का अनुभव रखते हैं।

कांटों का ताज

कांग्रेस इस समय ऐसे संकट से जूझ रही है कि नये अध्यक्ष के लिए यह कांटों का ताज साबित होने वाला है। कांग्रेस अध्यक्ष का औपचारिक एलान भर बाकी रह गया है लेकिन उससे पहले राजस्थान का आंतरिक संकट जारी है। राजस्थान के घटनाक्रम से हाईकमान के कद को जो ठेस पहुंची है, उसकी भरपाई की फिर से कोशिश की जा सकती है। विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित कराया जा सकता है लेकिन गहलोत को लेकर फैसला कांग्रेस हाईकमान के साथ-साथ नये अध्यक्ष के लिए इतना आसान नहीं होगा। वेणुगोपाल ने कहा कि राजस्थान पर फैसला जल्द होगा। सच तो यह है कि गहलोत इस समय कांग्रेस व हाईकमान के लिए गले की हड्डी साबित हो रहे हैं। न निगलते बन रहें, न उगलते। अतीत में ऐसी ही स्थिति राजीव गांधी के समय बिहार में बनी थी। जगन्नाथ मिश्र कद्दावर नेता थे। राजीव गांधी उनसे नाराज थे। तब राजीव गांधी ने नुकसान झेलकर भी विंदेश्वरी दूबे को बिहार की बागडोर थमा दी थी। कांग्रेस गुटबाजी के चलते बिहार में लगातार सिमटती चली गई। अभी हाईकमान राजस्थान को लेकर कड़े-बड़े फैसले से परहेज की मुद्रा में है। अगले साल ही राजस्थान में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले गुजरात और हिमाचल के चुनाव होंगे। ऐसे में नये राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ गांधी परिवार पर विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ आंतरिक संकट निबटाने की चुनौतियां होंगी, तो 2024 के लिए विपक्ष के संभावित गठजोड़ में कांग्रेस को सम्मान दिलाने की भी।

लोकतंत्र की लाज

संकेत तो भी यह मिल रहे हैं कि नामांकन के बावजूद शशि थरूर पीछे हट जाएं और नाम वापस ले लें। नाम वापस न भी लेते तो कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र का ढिंढोरा तो पीटेगी। अभी क्षेत्रीय क्षत्रपों ने बिना लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाएं खुद को पार्टी की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। समाजवादी पार्टी में अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल में लालू यादव फिर से अपने-अपने कुनबे के मुखिया बन गए। ऐसे में कांग्रेस कम से कम संगठन चुनाव के नाम पर न केवल चर्चा में है बल्कि लोकतंत्र का हवाला भी दे रही है। भाजपा हमेशा सवाल उठाती रही है कि कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। अब इस चुनाव के जरिये कांग्रेस विरोधियों को न केवल जवाब देने की हैसियत में होगी कि यहां भी पार्टी के कार्यकर्ता शीर्ष तक पहुंच सकते हैं बल्कि यह भी संदेश देने में कामयाब होगी कि पार्टी सर्वोपरि, परिवार बाद में। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी गैर गांधी परिवार के हवाले जरूर हो रही है लेकिन ठप्पा पूरी तरह से हटा नहीं है। अलबत्ता, पार्टी के अंदरुनी संकट से गांधी परिवार की पकड़़ ढीली जरूर पड़ती नजर आ रही है। ऐसे में संगठन और चुनावों के लिहाज से नये अध्यक्ष और गांधी परिवार के चुनौतियां कायम हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.