मुजफ्फरपुर : भारतीय जनसंघ के नेता एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती भाजपा के सभी संगठनात्मक मंडलों में मनाई गई, जिसमें मंडल, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद करते हुए उनके जीवनी और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। इस क्रम में स्थानीय जूरन छपरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष रंजन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जयंती समारोह में बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि कर दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि जहां भी मानवता की सेवा का प्रश्न होगा, मानवता के कल्याण की बात होगी, दीनदयाल जी एवं उनका एकात्म मानव दर्शन प्रासंगिक रहेगा. कहा कि सामाजिक जीवन में एक नेता को कैसा होना चाहिए, भारत के लोकतन्त्र और मूल्यों को कैसे जीना चाहिए, दीनदयाल जी इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैचारिक मार्गदर्शक और नैतिक प्रेरणा स्रोत रहे। यही कारण है कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद देश भर में उनके नाम से अनेक ऐसी योजनाएं चलाई, जो समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले लोगों के जीवन बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी ने कहा कि दीनदयाल जी अक्सर कहा करते थे कि मैले कुचैले अनपढ़ लोग हमारे नारायण हैं हमें उनकी पूजा करनी चाहिए. यह हमारा सामाजिक एवं मानव धर्म है. दीनदयाल जी की जिंदगी में भी हर वह परेशानी थी जिसे एक गरीब झेलता है. लेकिन तमाम मुश्किलों को पार कर उन्होंने अपने आप को उस जगह खड़ा किया जहां लोग उन्हें आज भी याद करते हैं. इतिहास के पन्नों में उनका नाम हमेशा स्वर्ण अक्षरों में ही लिखा जाएगा ।
वहीं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसे कई महान नेता हुए जिन्होंने देश और समाज को नई राह दिखाई है. ऐसे ही एक नेता थे महामानव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी. दीन दयाल जी ने देश की राजनीति को इस तरह से एकजुट किया था कि लोग उन्हें एकात्म मानवतावाद के पुरोधा मानते थे. उनकी कुशल संगठन क्षमता के लिए ही डा. श्याम प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि अगर भारत के पास दो दीनदयाल होते तो भारत का राजनैतिक परिदृश्य ही अलग होता।
जिला संगठन प्रभारी रमेश श्रीवास्तव ने कहा एकात्म मानववाद और अंत्योदय की प्रगतिशील दृष्टि संगठनात्मक कार्यों की नींव है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता का पथ प्रदर्शन करती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ की कमान संभालते ही सांस्कृतिक पुनरूत्थान का नारा दिया जिसका अनुसरण आज भाजपा का हरेक कार्यकर्ता कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री धर्मेंद्र साहू, मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता विजय सिंह एवं भूपाल भारती ने भी विचार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रभारी महामंत्री सचिन कुमार ने एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री रविकांत सिन्हा ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष निर्मला साहू, अंजना कुशवाहा, मीडिया प्रभारी धनंजय झा, मोर्चा महामंत्री नंदकिशोर पासवान, भाजयुमो उपाध्यक्ष अमरेश विपुल,अमित सिंह राठौड़ सहित आदित्य कुमार, हरि किशोर बैठा, रुपेश भारतीय, मनोज नेता, श्लोक कुमार, डब्लू कुमार, कौशल पासवान, आलोक पासवान, विजय यादव शामिल हुए।





Leave a Reply