Breaking News

आस्था:सीता प्राकट्य स्थली को महाशक्तिपीठ घोषित करें

राम की पत्नी सीता की पावन प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी पुनौरा धाम के विकास हेतु रविवार को जगत नंदिनी मां सीता जागृति मंच, पटना के तत्वाधान में सरस्वती शिशु मंदिर की सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। भरत सिंह जोशी के संयोजन में आयोजित सभा में मंच के केन्द्रीय संयोजक डॉ सुंदरकांत चौधरी ने संत समाज का आह्वान करते हुए सरकारी स्तर पर मां सीता की प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी धाम को महाशक्तिपीठ का दर्जा देकर अयोध्या के तर्ज पर संपूर्ण विकास की मांग की। मंच के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार पाठक ने राजा जनक के मिथिला राज के भौगोलिक विस्तार पर प्रकाश डालते हुए पुन: एक बार सनातन धर्म ध्वजा को फहराने के लिए मां सीता प्राकट्य स्थली को केन्द्र में रखकर संपूर्ण मिथिला क्षेत्र के विकास की मांग की। मंच के दरभंगा जिला संयोजक मनोज कुमार यादव ने पुनौरा धाम, सीतामढ़ी के धार्मिक एवं पर्यटकीय विकास के इस आंदोलन को मिथिला के घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। जनक नंदिनी मां सीता जागृति मंच, पटना द्वारा उत्तर बिहार के 17 जिलों सहित नेपाल गणराज्य के 9 अंचलों को मिलाकर बने मिथिला क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक उपेक्षा के विरुद्ध एक जन आंदोलन प्रारंभ किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति हेतु सभी जिलों में श्री सीताराम नाम जाप यज्ञ का आयोजन कर सभी सनातन धर्मावलंबियों को एकमत करने एवं सीता को राम के बराबर हक दिलाने के लिए संघर्ष को गति प्रदान करने हेतु चल रहे अभियान की कड़ी के रूप में रविवार को खगड़िया में यह बैठक हुई। बैठक में मंच के 17 जिलों के संयोजक सहित खगड़िया जिला के सात प्रखंडों से सीता भक्तों ने भाग लिया, जिसे मुख्य रूप से मनोज कुमार पाठक, सहरसा के रूपेश कुमार, दरभंगा के मनोज कुमार यादव, सीतामढ़ी के उमेश कुमार यादव, मुजफ्फरपुर के आदित्य राज, शिवहर के विकास कुमार, वंशराज, अमृता कुमारी, खुशी कुमारी, शिवशंकर कुमार, रणधीर कुमार आदि ने संबोधित किया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.