Breaking News

तेजप्रताप के संगठन ‘जनशक्ति परिषद’ का स्थापना दिवस आज:छात्र राजद में विवाद के बाद शुरू किया था संगठन

लालू प्रसाद के बड़े बेटे पर्यावरण व वन मंत्री तेज प्रताप यादव के संगठन जनशक्ति परिषद का स्थापना दिवस 5 सितंबर को है। इसकी स्थापना तेजप्रताप यादव ने एक वर्ष पहले तब की थी, जब राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से तेज प्रताप यादव की तनातनी हो गई थी। शिक्षक दिवस के दिन इसकी स्थापना इसलिए की गई कि शिक्षक की गरिमा समाज में काफी है। शुरू में इसका नाम ‘छात्र जनशक्ति परिषद’ था।

तेजप्रताप यादव ने अब छात्र जनशक्ति परिषद के नाम से ‘छात्र’ शब्द हटा दिया है। इसके कई प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। राजद के अंदर विवाद के बाद इसका गठन हुआ था। स्थापना से पूर्व तेजप्रताप जेपी के आवास चर्खा समिति गए थे।

संगठन के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रशांत प्रताप ने बताया कि जनशक्ति परिषद 5 सितंबर को तेजप्रताप यादव के सरकारी कार्यालय 2 एम. स्टैंड रोड में अपना स्थापना दिवस मनाएगा।

तेजप्रताप ने जगदानंद सिंह को हिटलर कहा तो जगदानंद सिंह कहा- हू इज तेजप्रताप

राजद कार्यालय के मंच पर आयोजित छात्र राजद के एक कार्यक्रम में तेज ने जगदानंद सिंह को ‘हिटलर’ कह दिया था। तब हुए कार्यक्रम में तेजस्वी यादव का फोटो ही पोस्टर से गायब कर दिया गया था। मामला बढ़ा तो जगदानंद सिंह ने तेवर दिखाए और कहा-‘ हू इज तेजप्रताप, वे सिर्फ लालू प्रसाद को जानते हैं’। आकाश यादव के पोस्टर पर कालिख ही नहीं पोती गई बल्कि आकाश की छुट्टी कर दी गई। तब तेजप्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास में प्रेस कांफ्रेस कर कहा था कि वे छात्र राजद के संरक्षक हैं और यह संवैधानिक पद है। छात्र राजद के किसी पद से किसी को हटाने के पहले नोटिस देना चाहिए। तेज ने पार्टी संविधान की कॉपी दिखाते हुए कोर्ट तक जाने की धमकी दे दी थी।

प्रेस कांफ्रेस में तेज ने कहा था कि-‘ राजद कार्यालय को जंजीर में जकड़कर रखा जाता है। पार्टी में विधायकों को विभाजित किया जाता है। जगदानंद सिंह को आरएसएस वाले हैंडिल कर रहे हैं।’ तेजप्रताप ने यह भी कहा था कि – ‘ जगदानंद सिंह कह रहे हैं हू इज तेजप्रताप! कहीं एक दिन वे यह भी नहीं पूछ दें हू इज लालू प्रसाद यादव’।

हाथ में लालटेन को चिह्न बनाया गया पर लालू प्रसाद के समझाने के बाद बांसुरी किया गया

राजद ने आकाश की जगह गगन को छात्र राजद का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। तेजप्रताप के गुस्से का असर जगदानंद सिंह पर नहीं हुआ और गगन लगातार पद पर बने हुए हैं। दूसरी तरफ तेजप्रताप यादव ने राजद में रहते हुए छात्र नेता सुमंत राव उर्फ बबलू सम्राट के साथ मिलकर नया संगठन 5 सितंबर 2021 को बना लिया। 14 सिंतबर 2021 को जब छात्र जनशक्ति परिषद ने अपने प्रमंडलीय प्रभारी की सूची पैड पर जारी की तो उसमें परिषद का चिह्न था हाथ में लालटेन और छात्र जनशक्ति परिषद के बाद ब्राइकेट में लिखा था (राजद, बिहार)।

इसके बाद तो राजद के अंदर भूचाल जैसी स्थिति हो गई। लेकिन लालू प्रसाद के समझाने के बाद तेजप्रताप ने हाथ में लालटेन को हटाकर बांसुरी को अपने संगठन का चिह्न बनाया और ब्राइकेट में राजद लिखना भी बंद हुआ। इसके झंडे का रंग हरा और पीला बनाया गया। तेज कई बार इसी रंग वाले गमछे में दिखते हैं।

शुरुआती उद्देश्य था- राजनीति सीखो, नेतृत्व करो

स्थापना के लगभग एक माह बाद ही छात्र जनशक्ति परिषद ने 2 अक्टूबर 2021 को अदिति कम्युनिटी हॉल, पटना में पहली कार्यशाला आयोजित की। संगठन का शुरुआती उद्देश्य रखा गया- ‘राजनीति सीखो, नेतृत्व करो।’ उस कार्यक्रम में प्रो.नवल किशोर चौधरी मुख्य अतिथि थे। चौधरी ने तब कहा था- ‘राजनीति को घृणा की दृष्टि से नहीं देखना चाहिए।’ राष्ट्रीय संगठन प्रभारी डॉ. सुमंत राव ने कहा था- ‘छात्र जनशक्ति परिषद राष्ट्रीय जनता दल के लिए खाद की तरह काम करेगा।’

लेकिन राष्ट्रीय संगठन प्रभारी बबलू सम्राट ने इस आरोप के साथ लगभग एक माह के अंदर ही संगठन छोड़ दिया। उन्होंने तब आरोप लगाया था कि- ‘ संगठन के संविधान में सभी पदों के लिए योग्यता निर्धारित है, लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा।’ इसके बाद राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद मोहित शर्मा को दे दिया गया था। प्रशांत प्रताप संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शुरूआती दौर से रहे। लेकिन अब वे इस पद पर नहीं हैं। वे संगठन में राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता हैं।

संजय यादव को तारापुर विधान सभा उपचुनाव में निर्दलीय उतार दिया गया था

11 अक्टूबर को तेजप्रताप यादव ने छात्र जनशक्ति परिषद के बैनर तले पटना के गांधी मैदान से जेपी आवास चरखा समिति तक की यात्रा नंगे पैर की। गांधी की खादी को संगठन में बढ़ावा देने निश्चित किया गया।

तेजप्रताप यादव का संगठन उस समय काफी विवाद में आया जब तारापुर विधान सभा उपचुनाव का समय आया। यहां से इन्होंने संजय यादव को निर्दलीय मैदान में उतार दिया। हालांकि तेजस्वी यादव के समझाने-बुझाने के बाद संजय ने वहां चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया। इसके बावजूद तारापुर उपचुनाव में राजद की हार हो गई।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.