बिहार की राजनीति की तस्वीर बदली हुई है। नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव विधान सभा में सट-सट कर बैठे दिखे। नीतीश कुमार, नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना ताने कस रहे हैं और तेजस्वी फ्रंट पर आकर सीबीआई और नरेन्द्र मोदी के खिलाफ बोल रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वार चल रहा है। दिलचस्प यह कि बड़े नेता भी इस वीडियो वार में शामिल हो गए हैं। आम कार्यकर्ता तो हैं ही।
सबसे दिलचस्प वीडियो जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पोस्ट किया है। इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है कि – आदरणीय नेरन्द्र मोदी जी अपनी बात आप खुद सुन लीजिए, आपको भी देश की जनता को 2024 में जवाब देना होगा। सीबीआई को लेकर नरेन्द्र मोदी के पुराने भाषण से ये वीडियो तैयार किया गया है। यह वीडियो इस समय इसलिए काफी देखा जा रहा है कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के नजदीकियों पर सीबीआई की दबिश इन दिनों तेज है।
वीडियो में नरेन्द्र मोदी का पुराना भाषण है जिसमें वे कह रहे हैं कि- ‘सीबीआई का राजनीतिकरण… सीबीआई का दुरुपयोग, निर्दोष लोगों को परेशान करने के लिए सीबीआई क्या-क्या कर रही है…इसके लिए हिन्दुस्तान की जनता को आपको जवाब देना होगा…मै तो हैरान हूं किस प्रकार से सीबीआई का दुरुपयोग ये लोग सब कर सकते हैं, ये मेरे साथ नहीं गुजरा होता तो मैं जान भी नहीं पाता… अगला चुनाव कांग्रेस नहीं लड़ेगी सीबीआई लड़ने वाली है, सीबीआई…हिप्पोक्रेसी की भी सीमा होती है।’!




सोशल मीडिया पर इसी तरह की तस्वीरें और वीडियो चल रहे हैं।
भाजपा के साथ रहे तो केन्द्र से मदद और साथ नहीं रहे तो मदद खारिज !
नीतीश कुमार के पहले और अब का बयान बीजेपी बिहार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसमें नीतीश कुमार कहते दिख रहे हैं कि बिजली घर-घर पहुंचाने में केन्द्र से भी सहायता मिली। दूसरे ताजा बयान में वे केन्द्र की मदद को खारिज करने वाला बयान देते दिख रहे हैं।
यही राजनीति है
नीतीश कुमार के कई पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर लोग शेयर कर रहे हैं जिसमें वे केन्द्र की मोदी सरकार की तारीफ करते दिखते हैं। दिलचस्प यह कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते हुए नरेन्द्र मोदी के नाम पर भाजपा के मंत्रियों को एक दिन में बर्खास्त भी कर चुके हैं और आगे जब एनडीए में रहे तो उन्हें बेहतर प्रधानमंत्री भी बताया था। उसी तरह नरेन्द्र मोदी डीएनए पर सवाल उठा चुके हैं और सबसे बड़ा समाजवादी भी नीतीश कुमार को बता चुके हैं। राजनीति की बदलती तस्वीर, बदलती बयानबाजी का लोग खूब मजा ले रहे हैं। तेजस्वी के बयान, नीतीश के प्रति और नीतीश के बयान तेजस्वी के प्रति भी बदल गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का पेट से दांत निकालने वाला बयान भी सब को याद है।



Comment here