Breaking News

मुजफ्फरपुर में सहारा इंडिया के खिलाफ फूटा किन्नरों का गुस्सा:ब्रांच मैनेजर को खींचकर बीच सड़क पर लाए, साड़ी ओढ़ाकर नचवाया

मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को सहारा इंडिया के खिलाफ किन्नरों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की तादाद में पहुंचे किन्नरों ने कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। सड़क जामकर कर मैनेजर को बंधक बना डाला। इसके बाद उसे नचवाया गया। साथ ही साड़ी ओढ़ाया गया।

मामला जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित जुरन छपरा मेन रोड का है। यहां किन्नरों ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। कार्यालय को बंद करा दिया गया। इस दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। जुरन छपरा से लेकर ब्रह्मपुरा तक सड़क पूरी तरह जाम हो गया। कई वाहन इसमें बुरी तरह फंस गए।

3 घंटे से अधिक समय तक किया सड़क जाम
बताया जा रहा है कि 3 घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहा। जानकारी के अनुसार किन्नरों की टोली कार्यालय के पास पहुंची थी। वे अपने रुपए की मांग कर रहे थे। पैसे नही मिलने पर उन्होंने शाखा प्रबंधक को बंधक बना लिया। बीच सड़क पर उन्हें गाली दी गई। हाथ पकड़कर उन्हें नचवाया गया। सिर पर साड़ी तक डाल दिया गया।

इस दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इधर, हंगामे की सूचना पर पहुंची ब्रह्मपुरा पुलिस ने जाम खाली कराने का प्रयास किया। लेकिन, किन्नर नंगा होने की कोशिश करने लगे। जिसके बाद पुलिस पीछे हट गई। हालांकि, पुलिस की ओर से काफी समझाया गया। जिसके बाद मैनेजर को मुक्त किया गया।

किसी का 16 तो किसी का 17 हजार है बाकी
किन्नरों ने कहा कि वे लोग 10 साल से पैसे जमा कर रहे थे। साल 2021 में ही इनका भुगतान करना था। लेकिन, बैंक की तरफ से केवल दौड़ाया जा रहा है। बताया गया कि केवल किन्नर ही नहीं, अन्य लोग भी आक्रोशित हैं। आक्रोशितों ने कहा कि कई बुजुर्ग महिलाओं ने चौका-बर्तन करके पैसे जमा किए थे। ताकि, समय पर उन्हें पैसे काम आए। लेकिन, सबको दौड़ाया जा रहा है। पूछने पर बताया जाता है कि कोर्ट का केस चल रहा है।

किन्नरों ने कहा कि जब केस लंबित था, तो उनसे पैसे क्यों वसूले गए। पैसा वसूली रोकना चाहिए था। लेकिन, पैसे वसूलना जारी रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पैसे नही मिलेंगे तो मैनेजर की पिटाई करके अस्पताल भेजेंगे। लेकिन, पैसे लेकर रहेंगे।

2021 में करना था भुगतान, 2022 के अंतिम तक होगा
इधर, मामले में मैनेजर संजय कुमार झा ने बताया कि 10 वर्ष पहले रुपए जमा कराया गया था। जिसका भुगतान 2021 में करना था। लेकिन, भुगतान अभी लंबित है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में मामला चल रहा है। जिसकी वजह से अभी दिक्कते आ रही है। उन्होंने सबको भरोसा दिलाया कि 2022 के अंत तक सभी का पैसा दे दिया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.