Breaking News

पटना मेट्रो रेल परियोजना के भूमिगत कार्य का हुआ शुभारंभ:CM नीतीश बोले- समय सीमा में कार्य को तेजी से पूरा करें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मोइनुल हक स्टेडियम में पटना मेट्रो रेल परियोजना के भूमिगत कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। गुरुवार को इस कार्य के शुभारंभ के अवसर पर जमीन में 82 फीट गहरे गड्ढे में 82 फीट गहरे डि-वॉल के केज को जमीन के भीतर डाला गया। साथ ही 1989 करोड़ रूपए की लागत वाली इस भूमिगत योजना के कार्य की शुरूआत की गई।

मुख्यमंत्री को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के निदेशक दलजीत सिंह ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य, एलायनमेंट, इसके प्रारूप, योजना के अवयव व कार्य प्रगति के संबंध में विस्तार से बताया।

ये हैं इसके छह भूमिगत मेट्रो स्टेशन

पटना मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत 6 भूमिगत मेट्रो स्टेशन- राजेन्द्र नगर मेट्रो स्टेशन, मोइनुल हक मेट्रो स्टेशन, यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन, पीएमसीएच मेट्रो स्टेशन, गांधी मैदान मेट्रो स्टेशन और आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन हैं। इस कोरिडोर की कुल लंबाई 8.08 किमी है।

गुरुवार को 1989 करोड़ रूपए की लागत वाली इस भूमिगत योजना कार्य की शुरूआत की गई।

गुरुवार को 1989 करोड़ रूपए की लागत वाली इस भूमिगत योजना कार्य की शुरूआत की गई।

कार्य योजना से जुड़ी वीडियो फिल्म दिखायी गई

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पटना मेट्रो के एलिवेटेड (भूमि के ऊपर) भाग के कार्य का शुभारंभ प्रायरिटी कॉरिडोर के रूप में किया गया था, जिस पर कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। इस अवसर पर पटना मेट्रो रेल परियोजना की ओर से मुख्यमंत्री को कार्य योजना के संबंध में एक वीडियो फिल्म भी दिखायी गई।

राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय सीमा में कार्य को तेजी से पूर्ण करें। जहां कहीं भी भूमि अधिग्रहण का काम बचा हुआ है, उस कार्य को भी जल्द पूर्ण करें। राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। राशि की भी किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। पटना मेट्रो का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण होने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी ताकि आम लोगों को इसका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पटना मेट्रो रेलवे का अंडरग्राउंड वर्क शुरू हो गया है। इसके ओवरग्राउंड वर्क को भी कई बार आकर हमने देखा है और अधिकारियों को इसके संबंध में सारी जरूरी बातें बता दी गई हैं। पटना मेट्रो रेलवे का काम चल रहा है, हम लोगों का लक्ष्य है यह काम तेजी से पूर्ण हो।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.