भोजपुर स्थित बड़हरा प्रखंड के मझौली, सोहरा, केवटिया, हेतमपुर, पिपरपाती व बलुआ गांव के लोग तीन पीढ़ी से दहशत में जी रहे हैं। यह दहशत है कि कब गंगा उनके घर को लील जाए। हर साल गंगा में आने वाली बाढ़ से लोग डरे रहते हैं। करीब 70 सालों से ऐसा ही हो रहा है। जब भी नदी में बाढ़ आती है कि कई घर और जमीन गायब हो जाते हैं। सरकार का दावा है कि बिहार विकास की सीढ़ी चढ़ रहा है। पर इन गांव की जमीन प्रत्येक साल कम होती जा रही है। हालांकि इस वर्ष भोजपुर जिले में बाढ़ का प्रकोप नहीं देखा गया है।

नदी के कटाव को रोकने के लिए बालू भरे बोरे को किनारे पर रखा गया है।
बलुआ गांव से केवटियां जाने के लिए 100 मीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। लेकिन गंगा के कटाव के बाद यही दूरी बढ़कर अब 300 मीटर के लगभग हो गई है। बलुआ गांव में ऐसे कई घर हैं, जो जर्जर हालत में है। यहां लोग घरों के निर्माण से डरते हैं। कब नदी में बाढ़ आ जाए और किए-कराए पर पानी फिर जाए।

गंगा हर साल गांव में घुस जाती है।
तटबंध कार्यालय के अनुसार, गंगा का जलस्तर अभी दो मीटर नीचे है। दूसरी तरफ बालू के 50 हजार बोरे स्टॉक कर रखा गया है। वहीं, तटबंध की सुरक्षा और देखभाल के लिए दैनिक श्रमिकों की तैनाती की गई है। इधर, ग्रामीण कैलाश प्रसाद ने बताया कि हम लोग तीन पीढ़ी से इस गांव में हैं। पहले गंगा नदी बहुत पीछे थी। लेकिन जैसे-जैसे साल बीतता गया, वैसे-वैसे गंगा नजदीक आती गई।

ग्रामीण हर साल आने वाले बाढ़ से काफी त्रस्त हैं।
शिवजी महतो ने बताया कि पहले गंगा नदी गांव से बहुत दूर होती थी। लेकिन जलस्तर बढ़ा, फिर कटाव शुरू हुआ। गंगा के कटाव की वजह से प्रत्येक वर्ष जमीन गंगा में समाती गई। गंगा से पूरा गांव भागता गया और नदी गांव में घुसती चल गई। खेती लायक जमीन भी अब बहुत कम बची है।
संजय पासवान ने बताया कि जब तक गंगा किनारे पक्के की ढलाई नहीं होगी, गांव बचने वाला नहीं है। मैं 40 वर्षों से देख रहा हूं। लगभग 400 बिगहा गांव की जमीन गंगा में समा चुकी है। ठेकेदार भी आते हैं तो केवल पैसे लूटने के चक्कर में। जिनके पास पैसा था, वो शहर चले गए। पर जो गरीब है वो यही रहने को मजबूर हैं। अभी कोई नहीं जानता है कि गंगा का माहौल क्या है और क्या करेगी।







Comment here