स्वतंत्रता दिवस पर बिहार को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण का कानून बनाने से कुछ नहीं होगा। बढ़ती जनसंख्या को रोकने के लिए महिलाओं का शिक्षित होना जरूरी है।
बता दें कि केंद्र सरकार जनसंख्या नियंत्रण कानून पर काम कर रही है। वहीं असम और यूपी राज्य दो बच्चों वाली पॉलिसी लाने की तैयारी में हैं। जबकि नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं हैं।
इससे पहले भी नीतीश कुमार जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध कर चुके हैं। बीजेपी से अलग होकर महागठबंधन की सरकार बनाने के बाद उन्होंने फिर कहा इस तरह का कानून बेकार की बात है।
पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में CM नीतीश ने झंडोत्तोलन किया। महागठबंधन की नई सरकार बनने के बाद पहली बार उन्होंने तिरंगे को सलामी दी है। मौके पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और आगे की योजना पर बात की।
साथ ही महागठबंधन की बनी नई सरकार में डिप्टी सीएम तेजस्वी की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि तेजस्वी यादव जैसे सहयोगी मिले हैं बिहार में 10 लाख क्या 20 लाख रोजगार दिए जाएंगे।
नीतीश के बयान के बाद तेजस्वी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि अभिभावक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से ऐतिहासिक ऐलान- 10 लाख नौकरियों के बाद 10 लाख अतिरिक्त नौकरियां दूसरी अन्य व्यवस्थाओं से भी दी जाएगी। जज्बा है बिहारी जुनून है बिहार उत्तम बिहार का सपना करना है साकार।

तेजस्वी यादव का ट्वीट।
CM के संबोधन की मुख्य बातें –
- राज्य के खजाने पर किसानों का पहला हक है।
- आपदा की स्थिति से निपटने के लिए विद्यालयों में कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहे हैं।
- बच्चों को भूकंप से बचने के लिए मॉक ड्रिल और डूबने की घटना को देखते हुए तैरना सिखाया जा रहा है।
- पुलिस को दुरुस्त किया जा रहा है।
- कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई गई है। मंदिरों की चारदीवारी भी कराई जा रही है।
- लोक सेवा में 153 सेवाएं दी जा रही हैं। 73 फीसदी लोग लाभ ले रहे है। अब ऑनलाइन सेवा भी ले रहे हैं।
- प्रजनन दर को यदि रोकना है तो महिलाओं को पढ़ाना ही होगा। चीन में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाया था। पहले एक, फिर दो पर, फिर तीन पर लाया। उसकी हालत खराब हो गई थी। ये सब बेकार बातें हैं। बच्चियों को पढ़ाना ही एक विकल्प है।
- 20 लाख नौकरी और रोजगार देने का सरकार का लक्ष्य रखा है।
- नई पीढ़ी के साथ काम कर राज्य को आगे ले जाने का काम करेंगे।

पटना के गांधी मैदान में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और विधायक तेजप्रताप पहले से मौजूद।
पुणे से 20% ज्यादा फूल मंगाए गए, आर्किड-जरबेरा से बढ़ी गांधी मैदान की खूबसूरती
गांधी मैदान के जिस मंच पर नीतीश कुमार ने तिरंगा फहराया, उसको पुणे के खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। पुणे से मंगाए यह फूल पूरे गांधी मैदान का आकर्षण का केंद्र बना हुआ हैं। इस बार आजादी के अमृत महोत्साव के वजह से 20 प्रतिशत ज्यादा फूल आए हैं। सजाने के लिए आर्केड 50 बंडल, जरबेरा 200 बंडल, गेंदा 3000 बंडल, रजनीगंधा 500 और गुलाब 50 बंडल मंगाया गया हैं।



Comment here