पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने की तैयारी में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार कुल 160 विधायकों के समर्थन पत्र के साथ राज्यपाल से मुलाकात करेंगे. इसके बाद सरकार बनाने का दावा पेश करने की संभावना है. राजद के 79, जेडीयू के 45, लेफ्ट पार्टी के 19, कांग्रेस के 16 और 1 निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया जा रहा है. दूसरी तरफ, बदलते सियासी समीकरण के बीच बिहार बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक पटना में होने वाली है. बैठक में हिस्सा लेने के लिए राधामोहन सिंह शाम को पटना पहुंच रहे हैं. इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के आवास पर जुटे थे. वहीं, महागठबंधन के घटक दलों के विधायकों और जेडीयू के सांसदों व विधायकों की अलग-अलग बैठक हुई.
बिहार की सियासत में उठी हलचल चरम पर पहुंच गई है. ताजा जानकारी यह है कि सत्तारूढ़ जेडीयू-बीजेपी का गठबंधन टूट गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर भाजपा से अलग राह पर चल पड़े हैं. अगले कुछ घंटों में फैसला हो जाएगा कि बिहार की राजनीति इस बार किस करवट बैठती है. इस बीच सूबे में राजनीतिक बयानबाजियों का दौर जारी है. सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड से लेकर भारतीय जनता पार्टी, मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं. आज मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास एक अणे मार्ग में राजद के विधायकों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण बैठक हुई. यह दोपहर बाद तक चली. इसमें महत्वपूर्ण मसलों पर निर्णय लिया गया. जेडीयू की बैठक में जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद पार्टी विधायकों और सांसदों से मुखातिब होंगे तो वहीं आरजेडी विधायक दल की बैठक में तेजस्वी यादव अपने नेताओं संग चर्चा करेंगे. आपको बता दें कि इससे पहले जेडीयू ने अपने सभी विधायकों को पटना तलब कर लिया था. इसके बाद महागठबंधन की सहयोगी रही कांग्रेस पार्टी के विधायकों को भी पटना आने के निर्देश दे दिए गए थे. जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को कहा था कि आरसीपी सिंह के पार्टी से बाहर होने के बाद पैदा हुए हालात पर चर्चा करने के लिए विधायकों और सांसदों की बैठक बुलाई गई है. इसमें पार्टी के विधायकों और सांसदों की राय जानने का प्रयास किया जाएगा.
इस बीच RJD MLC सुनील सिंह ने पार्टी विधायक दल की बैठक से पहले बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आज मंगलवार है और आज सबकुछ मंगल होगा. उन्होंने आगे कहा कि किसी भी खुशी के मौके पर मिठाई बांटी जाती है, मंगलवार को भी मिठाई बंटेगी. उनके इस बयान को बिहार के राजनीतिक संकट से जोड़ कर देखा जा रहा है. दूसरी तरफ, जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का भी बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि आज क्रांति दिवस (8 अगस्त 2022) है, ऐसे में जाहिर है कि महत्वपूर्ण दिवस है. आगे-आगे देखिए क्या कुछ होता है. जेडीयू और राजद के दो बड़े नेताओं के बयान ने कयासबाजियों का दौर और भी बढ़ा दिया है. अब हर किसी की निगाहें जेडीयू और राजद पर टिक गई हैं.



Comment here