Breaking News

15 साल की उम्र में अपहरण कर शादी:लड़की भी नाबालिग, 5 पर केस दर्ज; वीडियो में लड़का दिखा खुश

खगड़िया में एक नाबालिग जोड़े की शादी कराने का मामला सामने आया है। लड़के की उम्र 15 साल है, जबकि लड़की 14 साल की है। लड़के मां ने बेटे का अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों पड़ोसी है। शादी का वीडियो और फोटो सामने आए हैं, जिसमें लड़का खुशी-खुशी लड़की की मांग में सिंदूर भर रहा है। गांव के लोगों ने प्रेम प्रसंग की बात कही हैद्ध

मामला महेशखूंट थाना इलाके के बन्नी पंचायत का है। शादी 25 जुलाई को ही कराई गई है। नाबालिग लड़के और लड़की की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर लोग शेयर कर रहे हैं। लड़के की मां के आवेदन पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

भागलपुर में पढ़ रहा था, अगवा करके शादी कराई

लड़के की मां सुनैना देवी ने महेशखूंट थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कहा कि बेटा 10 वीं परीक्षा उत्तीर्ण कर भागलपुर में रहकर कोचिंग करता था। उसकी उम्र 15 साल है। बीते 25 जुलाई को भागलपुर से घर लौटने के दौरान अपहरण कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि ईश्वरी टोला की रीता देवी, बलवीर कुमार, संगीता देवी और रुपेश मालाकार ने अगवा किया है। खगड़िया बस स्टैंड से मेरे बेटे को बहला-फुसलाकर स्कॉर्पियो में बैठाकर अपहरण कर लिया। वहीं, 25 जुलाई की रात राम मंदिर में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की मांग में सिंदूर डलवाकर विवाह करा दिया गया।

5 दिन से बातचीत नहीं हुई

सुनैना देवी के मुताबिक नाबालिग लड़के को घर में कैद कर रखा गया है। बीते पांच दिनों से पुत्र से बातचीत नहीं हुई है। अब मिलने नहीं दिया जा रहा है। लड़का और लड़की दोनों नाबालिग है।

इधर, पंचायत के मुखिया अशोक पासवान ने बताया कि शादी की सूचना मिलने पर नाबालिग को शादी करने से रोका गया। मामले की जानकारी महेशखूंट पुलिस को भी दी गई।

महेशखूंट थानाध्यक्ष ने बताया कि नाबालिग लड़के की मां के आवेदन पर पांच लोगों के विरुद्ध अपहरण का प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जायेगी। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि लड़का-लड़की के बीच कुछ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक परिजनों को लग गई थी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.