पटना में आतंकी साजिश का पर्दाफाश होने के बाद सवाल उठने लगे हैं क्या आतंकी बिहार और उत्तर प्रदेश को सॉफ्ट टारगेट बना रहे हैं। क्या बिहार आतंकियों के लिए सेफ जोन है। क्या बिहार के रास्ते आतंकी इंडिया में घुसने की जुगत में रहते हैं।
दरअसल, भारत से लगी 1751 किमी की नेपाल सीमा आतंकियों के लिए सेफ जोन मानी जाती है। नेपाल से लगी बिहार की 729 किमी लंबी खुली सीमा आतंकी कनेक्शन को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। पटना से पाक कनेक्शन के खुलासे के बाद अब खुफिया एजेंसियों ने नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। दहशतगर्दों की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।
बता दें कि अंडर वर्ल्ड से लेकर इंडियन मुजाहिद्दीन के आंतकियों का बिहार कनेक्शन पहले भी उजागर हो चुका है। अब नए तरीके से 2023 में जेहाद कराने की साजिश का खुलासा होने के बाद बिहार में खुफिया का ऑपरेशन सर्च चल रहा है। आइए जानते हैं क्या और कैसे आतंकियों के लिए सेफ है बिहार…
नेपाल के रास्ते बिहार घुसना आसान
बिहार की राजधानी पटना से पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आने के बाद अब खतरे की आंशका बढ़ गई है। खतरा इसलिए क्योंकि बिहार में घुसना आतंकियों के लिए आसान है। पाक समर्थित आंतकी भारत में नेपाल के रास्ते एंट्री करते हैं। कराची टू भारत का सफर नेपाल के जरिए ही होता आया है। इसका खुलासा बिहार से कई बड़े आतंकियों की गिरफ्तारी से भी हो चुका है। किसी भी घटना के खुलासे में पाक का कनेक्शन सामने आते ही नेपाल सीमा वाले राज्यों में खतरे की आशंका बढ़ जाती है।
ऐसे बढ़ रहा खतरा
- पाकिस्तान के इशारे पर पटना में 2016 से चल रही थी आतंकी गतिविधियां
- पटना के दानिश की गिरफ्तारी ने आतंकियों की साजिश का खतरा बढ़ाया
- सोशल मीडिया के माध्यम से दानिश ने बिहार के लोगों को पाकिस्तान से जोड़ा
- 2023 और 2024 में तबाही विशेष मिशन के लिए पाकिस्तान के इशारे पर प्लानिंग


बिहार में क्या है पाकिस्तान की मंशा
बिहार की राजधानी पटना में 2023-24 में बड़े जिहाद की प्लानिंग के खुलासे के बाद सवाल है कि पाकिस्तान बिहार में किस मिशन पर काम कर रहा है। वह किसी बड़ी घटना को लेकर बिहार को सॉफ्ट जोन बनाकर काम कर रहा है या फिर बिहार में प्लानिंग कराकर देश में आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पटना पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियां भी इसकी जांच में जुटी हैं।
अब तक पाकिस्तान की मंशा का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पाकिस्तानी संगठनों के साथ मोबाइल चैट के जो सबूत मिले हैं, उससे यह साफ है कि बिहार में 2023-24 में कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के एक बड़े मिशन के तहत काम चल रहा था।

बिहार से यासीन भटकल की गिरफ्तारी
इंडियन मुजाहिद्दीन के खुंखार आतंकी यासीन भटकल को बिहार से लगी नेपाल सीमा पर पकड़ा गया था। यासीन भटकल के साथ बिहार से गिरफ्तार असुदुल्लाह अख्तर आईडी का एक्सपर्ट था। आईएम के संस्थापक सदस्यों में शामिल यासीन भटकल के बिहार से लगने वाली नेपाल सीमा पर गिरफ्तार से राज्य में स्लीपर सेल का कनेक्शन साफ हो गया था।
यासीन 2013 में हैदराबाद के दिलसुख नगर ब्लास्ट और पुणे के जर्मन बेकरी ब्लास्ट से लेकर एक दर्जन आतंकी घटनाओं में शामिल रहा। वह बिहार में नाम बदलकर रहा रहा था, 10 लाख के इनामी आतंकी की बिहार से गिरफ्तार पाक कनेक्शन को जोड़ती है।
जानिए, बिहार का आतंकी कनेक्शन
- 20 जुलाई 2006 को मुंबई एटीएस ने मधुबनी मुंबई लोकल ट्रेन ब्लास्ट के आरोपित मो. कमाल को गिरफ्तार किया
- 02 जनवरी 2008 को मधुबनी से यूपी में CRPF कैंप पर हमला करने वाले सबाउद्दीन को गिरफ्तार किया गया
- 9 फरवरी 2010 को मधुबनी से दिल्ली ब्लास्ट में शामिल आरोपित मदनी को गिरफ्तार किया गया
- 26 नवम्बर 2011 को दिल्ली पुलिस ने मधुबनी से आतंकी कनेक्शन में अफजल व गुल अहमद जमाली को पकड़ा
- 19 नवम्बर 2011 दरभंगा के केवटी के कतील सिद्दीकी उर्फ साजन की दिल्ली में गिरफ्तारी हुई
- 12 जनवरी 2012 को दरभंगा से नदीम और नक्की की गिरफ्तार के बाद विस्फोट में इस्तेमाल बाइक बरामद
- 21 फरवरी 2012 एटीएस ने शिवधारा से साइकिल मिस्त्री कफील अहमद को पकड़ा था. उसे आइएम का मेंटर बताया गया.
- 06 जनवरी 2012 बिहार से कर्नाटक पुलिस ने बंगलुरु के स्टेडियम विस्फोट में संदिग्ध आतंकी मो. कफील अख्तर को पकड़ा
- 13 मई 2012 बिहार के फसीह की गिरफ्तारी हुई जो आइएम चीफ रियाज भटकल और इकबाल भटकल से जुड़ा था
- 21 जनवरी 2013 लहेरियासराय से यासीन के सहयोगी मो. दानिश अंसारी को आतंकी हमले के आरोप में पकड़ा गया
- अगस्त 2013 आई एम के यासीन भटकल व अब्दुल असगर उर्फ हड्डी की पूर्वी चंपारण से लगी नेपाल सीमा से गिरफ्तारी
- अगस्त 2019 गया से कोलकाता एटीएस ने बांग्लादेश के आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन के एक सदस्य को पकड़ा




Comment here