Breaking News

मुजफ्फरपुर में चोरी के आरोपी को बांधकर पीटा:मंदिर में भीड़ के हत्थे चढ़ा, आक्रोशित लोगों ने बरसाए सैंकड़ों डंडे

मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग इलाके में स्थित एक मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे आरोपी को भीड़ ने दबोच लिया। उसे बंधक बनाकर सैंकड़ों डंडे बरसाए गए। जब वह लहूलुहान हो गया तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया। भीड़ की इस तालिबानी इंसाफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। इसमें स्पष्ट दिख रहा है कि 5-6 युवक हाथ मे बांस का बना डंडा लेकर उसे पीट रहे हैं। आरोपी मंदिर परिसर में फर्श पर बैठा हुआ है। उसके चेहरे से खून निकल रहा है। वह हाथ जोड़कर विनती कर रहा है कि इसे माफ कर दें, लेकिन आक्रोशित भीड़ उसे सजा देने पर तुले हैं। उस पर सैंकड़ों डंडे बरसाए गए। आरोपी दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कहता है। वीडियो में बोल रहा है कि उसे घर जाने दिया जाए। लेकिन, भीड़ में से एक युवक कहता है कि उसे थाना जाना होगा। इस पूरे घटनाक्रम का वहां मौजूद किसी ने वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसके बाद से यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

पुलिस कर रही पूछताछ

थानेदार श्रीकांत प्रसाद ने बताया कि मंदिर में चोरी करने के आरोप में एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। उससे पूछताछ कर नाम पते का सत्यापन किया जा रहा है। इसी आधार पर उसे जेल भेजा जाएगा। आरोपी बार-बार अपना नाम और पता बदल रहा है। कभी दरभंगा तो कभी बगहा का रहने वाला बताया रहा है। हालांकि पुलिस ने अपने स्तर से पता किया है। जिसमें जानकारी मिली कि वह टाउन थाना क्षेत्र का रहने वाला है। आगे की कार्रवाई जारी है।

चोरी की नीयत से घुसा था

इस मामले में मंदिर प्रबंधन स्तर से कोई जानकारी नहीं दी गयी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शाम के समय में मंदिर में चोरी की नीयत से घुसा था। वह दान पेटी के समीप था। उसमें से चोरी का प्रयास कर रहा था। तभी लोगों की नजर उस पर पड़ी। उसे दबोच लिया गया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.