Breaking News

बेगूसराय में किडनैपिंग का वीडियो भेज मांगे थे 10 लाख:युवक की पिटाई, सिर पर पिस्टल सटाने वाला भेजा मैसेज

बेगूसराय में युवक का अपहरण कर घरवालों को उसकी पिटाई का वीडियो भेज 10 लाख रुपए मांगे गए थे। वीडियो में युवक विकास कुमार को बुरी तरह से पीटा जा रहा था। साथ ही उसके सिर पर पिस्टल सटाया गया था। इस मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए पीड़ित को दरभंगा से सकुशल बरामद कर लिया है।

पिटाई से घायल हुए जीएनएम के छात्र विकास कुमार को बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां आईसीयू वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।

पत्नी को भेजा था वीडियो
बता दें कि बदमाशों ने अपहरण के बाद 10 लाख रुपए फिरौती की मांग की थी। इस दौरान विकास की पिटाई करते हुए उसके सिर पर पिस्टल लगाकर उसकी पत्नी के वॉट्सऐप पर वीडियो भेज कर परिजनों से लगातार फिरौती की मांग की जा रही थी।

विकास की पिछले महीने ही शादी हुई थी। इधर, 11 जुलाई को पुलिस को परिजनों ने सूचना देकर लाखो ओपी में FIR दर्ज करवाई थी। इसके बाद हरकत में आई बेगूसराय पुलिस विकास की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।

बेगूसराय से अपहृत जीएनएम छात्र विकास कुमार।

बेगूसराय से अपहृत जीएनएम छात्र विकास कुमार।

फिरौती की रकम लेकर बुलाया था पटना

विकास के पिता संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बेटे की बरामदगी दरभंगा समस्तीपुर जिला के बॉर्डर इलाके से की गई। इससे पहले दिन भर बदमाश फिरौती की रकम लेकर पटना बुला रहे थे। पटना पहुंचने के बाद बदमाशों ने दरभंगा बुलाया फिर उसके बाद लहरिया सराय बस स्टैंड और सिंधिया बुलाया था। इधर, बेगूसराय पुलिस की टीम भी लगातार लोकेशन ट्रेस करते हुए कार्रवाई में जुटी हुई थी। करीब 8 बजे रात को हथौड़ी थाना की पुलिस ने सूचना दिया कि विकास कुमार को बरामद कर लिया गया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.