वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव जयकारे के साथ अमरनाथ यात्रा गुरुवार सुबह बालटाल और पहलगाम से शुरू हो गई। पहले जत्थे में 4,890 श्रद्धालु हैं। ये सभी बुधवार सुबह जम्मू आधार शिविर से यहां के लिए रवाना हुए थे और देर रात पहुंचे।
श्रद्धालुओं के लिए यहां खास इंतजाम किए गए हैं। लंगर समितियां सबसे व्यस्त हैं। उनके वर्कर्स बर्फीले पानी में सब्जियां साफ कर रहे हैं और दूसरी तरफ रसोइया इसे तैयार कर श्रद्धालुओं को परोस रहे हैं। मुफ्त खाना परोस रहे लंगरों में व्यवस्थाएं किसी लग्जरी होटल की तरह हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। हर 5 कदम पर पुलिस का जवान तैनात है। लोग पहलगाम के लंबे रास्ते से जाने को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जबकि बालटाल का रास्ता छोटा है, पर यहां भीड़ कम नजर आ रही है।

अमरनाथ यात्रा के दौरान सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटे श्रद्धालु विजय गर्ग और विवेक सिंघल। फोटो- समीर शर्मा
हर रोज एक लाख लोगों का भोजन
ये सभी लंगर हर रोज एक लाख लोगों का भोजन बनाएंगे। श्रद्धालुओं, सुरक्षाबलों के जवानों के साथ प्रशासन के कर्मचारी भी इन लंगरों में भोजन करते हैं। इस तरह यह यात्रा मार्ग देश के सबसे बड़े सामूहिक किचन में तब्दील हो जाता है। 24 घंटे चूल्हा चालू रखने के लिए बड़े पैमाने पर राशन और LPG सिलेंडर बेस कैंप पर स्टोर कर लिए गए हैं।

इस बार लंगर में नहीं मिलेगा फास्ट फूड और तला हुआ खाना
जालंधर से आकर लंगर लगाने वाले राजकुमार कवि ने बताया कि भीड़ बुधवार शाम से ही शुरू हो गई है और यह हर गुजरते दिन के साथ बढ़ेगी। उन्होंने कहा- ‘मैं 23 साल से यहां लंगर लगा रहा हूं। दो साल के बाद यहां फिर आकर उत्साहित हूं और खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। हम यहां 16 जून को आए थे और तीन दिनों तक तेज बारिश हुई। ऐसे में लंगर के बुनियादी ढांचे को खड़ा करने में बहुत मेहनत करनी पड़ी।’
राजकुमार अपने भंडारा को अगले डेढ़ माह तक चलाने के लिए जरूरी वस्तुओं के 7 ट्रक लेकर आए हैं। उनके साथ 50 लोगों की टीम है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सख्त दिशा-निर्देशों के बारे में राजकुमार ने कहा कि इस साल उन्हें सब कुछ बदलना पड़ा। पहले हम बहुत सारे व्यंजन परोसते थे, लेकिन इस साल सभी तली हुई चीजों और फास्ट फूड पर पाबंदी है। हालांकि, हमें निराशा हुई है, लेकिन यह तीर्थयात्रियों के लिए अच्छा है। हम दाल-चावल, दाल-रोटी, रुमाली-रोटी, तंदूरी-रोटी, दाल के व्यंजन और हरी सब्जियां बना रहे हैं।




Comment here