एक युवक बेलगाम स्पीड में बाइक चला रहा था। अपने पीछे बाइक पर उसने दो दोस्तों को भी बैठा रखा था। अचानक से बाइक की स्पीड से बैलेंस बिगड़ा और फिर बाइक पुल की दीवार से टकरा गई। इसके बाद उस पर सवार तीनों युवक सीधे पुल के नीचे जा गिरे। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुधवार को यह हादसा पटना के दीघा में अटलपथ से जेपी गंगा पथ जाने के रास्ते में हुए। जिस जगह पर यह एक्सीडेंट हुआ, वहां पर टर्निंग है। जिन लोगों ने इस एक्सीडेंट को देखा, उनके अनुसार उस वक्त बाइक की स्पीड करीब 150 किलोमीटर प्रतिघंटा रही होगी।
एक्सीडेंट की वजह से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ पुल के नीचे जुटी। सबसे पहले लोगों ने दीघा थाना को जानकारी दी। चंद मिनटों में पुलिस की टीम भी पहुंची। पुलिस के अनुसार तीनों घायलों को पुनाइचक के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
शुरुआती जांच के बाद पता चला कि तीनों युवक शास्त्री नगर थाना के तहत पुनाइचक इलाके के रहने वाले हैं। इसमें एक का नाम वीरेंद्र कुमार, दूसरे का अभिषेक कुमार और तीसरे का नाम प्रेम राज है। थानेदार राजकुमार पांडेय के अनुसार तीनों युवकों को कमर के नीचे से गंभीर चोट आई है। आशंका है कि इनके पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। पहचान होने के बाद तीनों घायलों के परिवार को सूचना दी गई। जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।






Leave a Reply