मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार को चलती बस में एक यात्री की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। यात्री की अचानक से मौत होने पर यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद आनन-फानन में बस को बैरिया बस स्टैंड में रोका गया। घटना के बाद स्थानीय लोगो की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए अफरा तफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार, मृतक सरैया थाना क्षेत्र के रतनपुरा डीह निवासी 30 वर्षीय प्रभु राय थे। बताया जा रहा है कि वह गुवाहाटी के एक लाइन होटल में बावर्ची का काम करता था। गुरुवार की रात बस पकड़ कर घर के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते मे मौत हो गयी। सूचना मिलते ही अहियापुर के दारोगा चंद्र किशोर मंडल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की छानबीन की।
तलाशी के क्रम में उसके पास से एक मोबाइल फोन समेत कई अन्य सामान बरामद हुआ। जिससे उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। वही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया। इधर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असल कारण पता चल सकेगा।



Leave a Reply