Breaking News

कोलकाता से बिल्डर उदय सम्राट और उसकी पत्नी गिरफ्तार:करोड़ों रुपए का फर्जीवाड़ा कर चल रहे थे फरार

पाटलिग्राम बिल्डर के डायरेक्टर उदय सम्राट उर्फ प्रभात कुमार रंजन और इनकी पत्नी प्रिया मिश्रा को बिहार STF ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। लंबे समय से इन दोनों की तलाश चल रही थी। ये दोनों पटना ही नहीं, बल्कि बिहार छोड़कर फरार चल रहे थे। फ्लैट और जमीन के नाम पर इन दोनों के उपर इंवेस्टर्स का करोड़ों रुपया गबन करने का आरोप है। इन दोनों के ही उपर पटना के कोतवाली, दानापुर, शाहपुर थाना के साथ ही और शिवहर व दूसरे जिलों में काफी सारे FIR दर्ज हैं।

प्रभात कुमार रंजन और उसकी पत्नी मूल रूप से जहानाबाद जिले के घोषी थाना के तहत बड़की बभनपुरा के रहने वाले हैं। पटना में दानापुर थाना के तहत शाहपुर इलाके में रह रहे थे। एक के बाद एक कई केस इनके उपर दर्ज होते चले गए। पटना के ही शाहपुर थाना में दर्ज केस में ये दोनों पति-पत्नी फरार चल रहे थे। यह केस पटना हाईकोर्ट में है। जब पटना पुलिस इन दोनों को पकड़ नहीं पाई तो हाईकोर्ट ने 25 मई को एक आदेश दिया और सीधे बिहार STF को फरार चल रहे उदय सम्राट और इनकी पत्नी को हर हाल में गिरफ्तार करने को कहा।

STF के अधिकारी बताते हैं कि इन दोनों को पकड़ने के लिए उनकी तरफ से एक-दो नहीं, बल्कि कई टीम बनाई गई थी। सबसे पहले बिहार के कई जिलों में इन्हें खंगाला गया। फिर इनपुट मिलने पर झारखंड में इन्हें तलाशा गया। जब नया इनपुट पश्चिम बंगाल का मिला तो फिर टीम कोलकाता गई। काफी मशक्कत के बाद इनका पता चला। कोलकाता के बगुइयाती इलाके के एक अपार्टमेंट में फ्लैट लेकर दोनों रह रहे थे। वहीं से इन दोनों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अब ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया जा रहा है। इसके बाद इन दोनों से पूछताछ भी होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.