Breaking News

झारखंड से लाई जा रही 116 बोतल शराब जब्त:टेम्पो में गुप्त चेंबर बना छिपाई थी खेप

बाइपास टीओपी पुलिस ने रामपुर गांव के पास एक टेम्पो से 116 बोतल विदेशी शराब जब्त की है। शराब की उक्त खेप टेम्पो में बने गुप्त चेंबर छिपाई गई थी। पुलिस को चकमा देकर मौके से दो तस्कर भागने में सफल रहे। दोनों तस्करों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

विधि-व्यवस्था डीएसपी डॉ. गौरव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीओपी के पास पुलिस चेकिंग लगाकर झारखंड से उक्त टेम्पो के आने का इंतजार कर रही थी।

लेकिन तस्करों को चेकिंग की भनक लग गई और वे लोग शराब लेकर फुलवरिया गांव वाले रास्ते में चले गए, जहां से कजरैली रोड होकर भागलपुर में शराब की डिलीवरी करने वाले थे। रास्ता बदलने की जानकारी पाकर बाइपास टीओपी थानेदार ओमप्रकाश ने अपनी टीम के साथ टेम्पो का पीछा किया तो रामपुर गांव के पास तस्कर और लाइनर गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए। गाड़ी बिना नंबर की है।

शराब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाया जा रहा है। झारखंड में जहां से शराब की खेप लाई जा रही थी और भागलपुर में कहां इसकी डिलीवरी होनी थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले बाइपास टीओपी पुलिस ने एक ट्रक से 600 पेटी से अधिक विदेशी शराब जब्त की थी और ड्राइवर को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.