पिछले 13 वर्षों से हर साल उत्तर बिहार का मौसम चक्र तेजी से बदल रहा है। गर्मी के समय रह-रह कर बारिश होती है। लेकिन, मानसून प्यासा रह जा रहा है। जिस वर्ष काफी कम बारिश होती है, उसके अगले वर्ष अत्यधिक बारिश हाे रही है। अब तक धारणा रही है कि जेठ में अधिक गर्मी हाेने पर सावन में बारिश हाेती है। पिछले दाे वर्षाें से यह धारणा भी खत्म हाे रही है।
जिले में सामान्य रूप से पूरे वर्ष में 1135 एमएम बारिश हाेती है। लेकिन, वर्ष 2009 में 723 मिमी ताे 2010 में 697 मिमी बारिश के बाद 2011 में 1245 मिमी बारिश हुई है। 2014 को छोड़ कर बाकी के वर्षों में 2018 तक औसत से काफी कम बारिश हुई। लेकिन, पिछले तीन वर्ष से मई में बारिश का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। मई में औसत 47.8 मिमी बारिश हाेती है। लेकिन, पिछले दो वर्षों में यह क्रमश: 106 व 281 एमएम बारिश हुई है। जबकि, 2022 में अब तक 96 बारिश हो चुकी है।

ग्लाेबल वार्मिंग के कारण तेजी से बदल रहा माैसम, मानसून पूर्व हाे रही है अधिक बारिश
पूसा कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नाेडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, ग्लाेबल वार्मिंग के कारण मौसम चक्र में इस प्रकार के बदलाव आ रहे हैं। लगातार शहर का बढ़ता दायरा, बढ़ती आबादी के साथ ही पेड़-पाैधाें के कटने तथा औद्योगिकरण हाेने से यह स्थिति उत्पन्न हाे रही है।
दाे वर्षों से बारिश के बाद जलजमाव से रबी फसल की बुआई हुई मुश्किल
प्रगतिशील किसान सतीश कुमार द्विवेदी के अनुसार, दाे वर्षाें से अधिक जलजमाव हाेने से रबी की फसल की बुआई भी मुश्किल हाे रही है। लेट से बुआई करने से किसानों काे कम उत्पादन हाेने से घाटा हाेता है। मानसून पूर्व अधिक बारिश हाेने से फसल कटाई के बाद खाली हुए खेत सूख नहीं पाते हैं। इसके कारण कीटनाशक का अधिक इस्तेमाल करना पड़ता है।
धान का बिचड़ा गिराने के समय ही अधिक बारिश हाेने से बिचड़ा गिराना मुश्किल हाे जाता है। इसके बाद मानसूनी बारिश नहीं हाेने से फसल सूखने तथा अधिक बारिश हाेने पर उसके गल जाने का खतरा हाेता है।







Comment here