बिहार के पूर्णिया में हादसे में मारे गए उदयपुर जिले के 8 लोगों का गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार देर रात को सभी के शव उनके पैतृक गांव पहुंचे। इसके बाद सामाजिक रीति-रिवाज और परंपराओं के तहत 4 गांवों में उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में नम आंखों से उन्हें विदाई दी गई। एक साथ आठ लोगों की मौत के बाद से इन गांवों के अधिकतर घरों में तीन दिन से चूल्हा तक नहीं जला है।
इन मजदूरों में दो सगे भाई और तीन चचेरे भाई भी शामिल थे। एक गांव में दो सगे भाइयों बसु और ईश्वर की एक साथ शव यात्रा निकली तो गांव में कोहराम मच गया। कानपुर के निचला तालाब में दो मृतकों के शव को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, फुटाला गांव में तीन चचेरे भाइयों कांतिलाल, मणीलाल और कावाराम की शवयात्रा भी एक साथ निकाली गई। इससे अलग पाछा पाड़ला में एक मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। ये सभी लोग काम धंधे की तलाश में गए थे, वहां मजदूरी करते थे।

दोनों भाइयों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।
बुधवार देर रात खेरवाड़ा क्षेत्र के फुटाला, काकन सागवाड़ा, पाछा पाडला, निचला तालाब और कानपुर कतारवास गांव में देर रात को शव पहुंच गए। खेरवाड़ा विधायक डॉ. दयाराम परमार और कलेक्टर ताराचंद मीणा की मौजूदगी में शव परिजनों को सौंपे गए। गमगीन माहौल के बीच करीब सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार किया गया।

सोमवार को बिहार में हादसे के दौरान 8 लोगों की मौत हो गई थी। तीन दिन तक इन गांवों में चूल्हा नहीं जला।
तीन दिन से इंतजार
पूर्णिया जिले में सोमवार सुबह ट्रेलर पलटा था। ट्रेलर में लोहे के पाइप भरे हुए थे और उसी पर 16 मजदूर सो रहे थे। ये सभी मजदूर बोरवैल खोदने के लिए उसी ट्रेलर पर मजदूरी करते थे और सिलीगुड़ी से जम्मू कश्मीर जा रहे थे। ड्राइवर को झपकी आने से ट्रेलर पलट गया और पाइप के नीचे दबने से 8 लोगों की मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद सभी मृतकों के शव बुधवार देर रात को उनके पैतृक गांव भेजे गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद से इन गांवों के कई घरों में तीन से चूल्हा तक नहीं जला है। सभी गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

देर रात को खेरवाड़ा डाक बंगले में शवों को लेने के लिए सैंकड़ों ग्रामीण पहुंचे।



Comment here