Breaking News

मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी के बेतरतीब निर्माण पर बवाल: शहर में महीनों से गड्ढा कर छोड़ देने के विरोध में फूटा गुस्सा

स्मार्ट सिटी के तहत शहर में नाला निर्माण के लिए दुकानों के आगे महीनों से बेतरतीब तरीके से जगह-जगह गड्ढा करके छोड़ दिया गया है। इससे शहर में नरकीय स्थिति हो चुकी है। इसको लेकर मंगलवार को लोगों का आक्रोश भड़क गया। मालगोदाम चौक से इमलीचट्टी चौक के बीच एक महीना चार दिन पहले गड्ढा कर छोड़ देने से नाराज लोगों ने इमलीचट्टी चौराहे को जाम कर प्रदर्शन किया।

चिलचिलाती धूप में तीन घंटे तक सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों के चेहरे पर गुस्सा साफ-साफ झलक रहा था। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इससे बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें। सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदर्शन के कारण सरकारी बस स्टैंड से पटना, मोतिहारी, बेतिया व सीतामढ़ी समेत किसी भी दूसरे स्थान के लिए यात्री बस नहीं निकली।

बस स्टैंड में यात्री परेशान रहे। स्टेशन से बस स्टैंड के बीच आवाजाही पर ब्रेक लगा रहा। बीए पार्ट वन के कई परीक्षार्थी जाम में फंसने पर एडमिट कार्ड दिखा कर आगे निकले। एक महिला तो फूट-फूट कर रोने लगी। उसके दो बच्चे जाम में फंसे हुए थे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए स्मार्ट सिटी का कोई अधिकारी जाम तक मौके पर नहीं पहुंचा।

स्थानीय वार्ड पार्षद के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। जाम समाप्त होने के कुछ ही मिनट के बाद स्मार्ट सिटी अधिकारी के साथ सिटी मैनेजर ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। स्मार्ट सिटी के अधिकारी ने कहा कि आज रात में ही यहां काम होना था। तब तक लोगों ने जाम कर दिया।

जाम की दुश्वारी

  • बीए पार्ट-1 के कई परीक्षार्थी व मरीज जाम में फंस कर हुए परेशान, एडमिट कार्ड दिखा निकले

समस्या हुईविकराल

  • सड़क पर उतरे आक्रोशित लोगों ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

नाला बनाने के लिए 14 अप्रैल को किया गड्ढा, अब तक काम पूरा नहीं

इमलीचट्टी के कारोबारी प्रभात चंद्र ने कहा कि 14 अप्रैल की रात में मालगोदाम चौक से इमलीचट्टी के बीच नाला बनाने के लिए गड्ढा खोदा गया। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। तीन साल का अनमोल जो ननिहाल में आया था, पिछले दिनों नानी के घर के सामने गड्ढे में गिरकर जख्मी हो गया था। चार दिन पहले 20 फीट में नाले का स्लैब ढाल कर काम कर दिया गया है।

इमलीचट्टी में ही गोकुल स्वीट्स के सामने एक सप्ताह में नाला बनाने के लिए गड्ढा करके कुछ हिस्सा में नाला बना दिया गया। इस तरह की मनमानी क्यों? मोहित ने कहा कि 6 माह से स्टेशन रोड से इमलीचट्टी के बीच में नाला बनाने के लिए कहीं न कहीं सड़क तोड़ कर छोड़ दी गई है। 6 माह से पानी की किल्लत है।

मेयर ने कहा- हादसों का शहर बना दिया, बारिश में भगवान ही मालिक

स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर अब हादसों का शहर बन चुका है। एक माह बाद जब बारिश शुरू हो जाएगी, भगवान ही मालिक होंगे। पूरे शहर को गड्ढा करके बर्बाद कर दिया गया है। कोई सुनने वाला नहीं है। इसलिए स्मार्ट सिटी के निदेशक पद पर मेरा बना रहना औचित्यहीन है।

स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर पद से इस्तीफे के बाद मेयर राकेश कुमार पिंटू ने कहा कि बेवजह शहर में जगह-जगह गड्ढा कर छोड़ दिया गया है। जहां 6 माह बाद नाला बनाना है। वहां किस इंजीनियरिंग के तहत गड्ढा करके छोड़ा जा रहा है। यह मेरे समझ से परे है। बार-बार कहने के बावजूद नगर आयुक्त सह एमडी अथवा कोई अधिकारी सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। नगर आयुक्त तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं।

गड्‌ढ़ों पर डीएम का अल्टीमेटम 13 दिन शेष

स्टेशन रोड में नाले का काम बाधित, मोतीझील में चंद मजदूर बना रहे नाला, तिलक मैदान से टावर तक नहीं हो रहा काम

शहर के लोगों में आक्रोश बढ़ने के बावजूद स्मार्ट सिटी के काम में तेजी नहीं आ रही है। मंगलवार को कल्याणी चौक से हरिसभा रोड में दो जगह चंद मजदूर काम करते दिखे। जबकि, स्टेशन रोड से इमलीचट्टी तक दिन में कोई काम नहीं हो सका। इसी तरह से तिलक मैदान रोड से भारत जलपान व अखाड़ाघाट के आगे गड्ढा करने के बावजूद लापरवाही बरती जा रही है।

सबसे बदतर स्थिति तिलक मैदान रोड से सरैयागंज टावर तक बनी हुई है। यहां कोई काम पिछले कई दिनों से नहीं हो रहा है। एनबीपीडीसीएल की ओर से बिजली पोल शिफ्ट करने के लिए एनओसी नहीं मिलने का बहाना बनाया जा रहा है। इसी तरह की स्थिति अखाड़ाघाट रोड में भी बनी हुई है।

ये शहर का सबसे बड़ा पेन एरिया, दैनिक भास्कर कर रहा मॉनिटरिंग

काम पूरा कर शहर के बेतरतीब गड्‌ढों को भरने के लिए डीएम ने 30 मई तक का अल्टीमेटम दिया है। शहर की इस सबसे बड़ी समस्या की मॉनिटरिंग दैनिक भास्कर लगातार कर रहा है। सजग नागरिक होने के नाते आप भी अपने क्षेत्र में चल रहे काम पर नजर रखें। आप हमें कोई भी जानकारी 9431461305 और 8770590675 नंबरों पर वाट्सएप कर सकते हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.