सीतामढ़ी में सरकारी काम का पोल एक बार फिर खुल गया। शुक्रवार को CM नीतीश कुमार नए निर्माणाधीन बांध का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद अधिकारियों ने तामझाम कर CM के सामने तो वाहवाही बटोर ली, लेकिन उनके हेलिकॉप्टर से उड़ान भरते ही बांध टूट गया। पानी किसानों के खेत से होते हुए गांव तक पहुंच गया।
दरअसल, सोनबरसा स्थित खाप-खोपराहा में सीएम नीतीश लखनदेई नदी के ऊपर नए निर्माणाधीन बांध का निरीक्षण करने पहुंचे थे। सीएम के अचानक आगमन को लेकर जल्दबाजी में बांध का निर्माण कराया गया था। बांध पर चल रहे काम को देखकर सीएम ने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश भी जारी किए। फिर वापस हैलीपैड के लिए निकल पड़े। जैसे ही नीतीश का हेलिकॉप्टर आसमान में उड़ा, वैसे ही बांध का भी सब्र टूट गया और पानी का तेज बहाव होने लगा। पानी इतनी तेज रफ्तार से बह रहा था कि गांववालों के खेतों से होते हुए निकलने लगा। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोग डर से गांव की तरफ भागने लगे।


निरीक्षण करते मुख्यमंत्री।
बाढ़ के समय में क्या होगा

स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर पानी इसी तरह बहता रहा तो देर रात तक गांव में पहुंच जाएगा। अगर अभी नदी की यह स्थिति है तो बाढ़ के समय में क्या होगा? लोगों के मन में जून और जुलाई के बाढ़ के पानी का डर सताने लगा है। संभावित बाढ़ से इलाके के करीब 25 हजार की आबादी प्रभावित हो सकती है। लोगों का कहना है कि सरकार को पहले मजबूती से बांध का निर्माण कराकर नदी की उड़ाही (टेस्ट) करनी चाहिए थी।
CM नीतीश कुमार के साथ जल संसाधन मंत्री संजय कुमार भी लखनदेई नदी के उड़ाही का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस योजना के तहत 2016 में ही 100 करोड़ का आवंटन किया गया था, लेकिन जमीन अधिग्रहण के कारण अब तक उड़ाही नहीं हो पाई थी।




Comment here