रोहतास में पुल और मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में CHC की जमीन बेचने के बाद अब पंचायत भवन को तोड़कर इसका मलवा बेचने का मामला सामने आया है। उक्त मामला औराई प्रखंड का है। जेसीबी से जर्जर हो चुके पंचायत भवन को पहले तोड़ा गया। फिर ट्रैक्टर पर इसका मलबा जिसमें ईंट था। उसे बेचने की बात सामने आई है। इसका आरोप स्थानीय मुखिया उमाशंकर गुप्ता और पंचायत सचिव पर लग रहा है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। जिसमे जेसीबी और ट्रैक्टर से भवन तोड़ते और मलबा उठाते देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर आक्रोश है।
जिसने दी थी जमीन, उसी ने की शिकायत
स्थानीय विनय कुमार ने बताया कि हमारे पूर्वजों ने ये जमीन दान में दी थी। जिसपर पंचायत भवन बना था। अब मुखिया और पंचायत सचिव इसे तोड़वा रहे हैं। हमने इसका विरोध किया तो कहा गया कि आदेश आया है। यहां पर नया पंचायत भवन बनेगा। हमने कहा कि पंचायत भवन बनाने के लिए अब नौ कट्ठा जमीन की आवश्यकता पड़ती है। जबकि उक्त जमीन मात्र दो कट्टा है। इस पर भवन कैसे बनेगा। तो मुखिया ने कहा कि आदेश आया है। उसी का पालन किया जा रहा है। हमने जब तोड़ने के आदेश का कागज दिखाने को कहा तो टालमटोल करने लगे। इसका हमने वीडियो बना लिया था। फिर BDO के यहां म आवेदन देकर इसकी शिकायत भी की थी।
मुखिया ने कहा- आरोप बेबुनियाद
मुखिया उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। हमने पंचायत भवन को तुड़वाया है। क्योंकि यह जर्जर हो चुका था। यहां कोई व्यवस्था नहीं थी। इस जगह पर नया सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इससे निकला मलबा पूरी तरह सुरक्षित है। मलबा वहां से कुछ दूरी पर रखा हुआ पाया गया। जिसे मुखिया ने दिखाया। कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के चलते विकास की राह में रोड़ा बनते है। उसी का परिणाम है कि उनपर इस तरह के आरोप लगे हैं।



कुढ़नी में बेच दी थी CHC की जमीन
पिछले महीने मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। जहां CHC की जमीन को निजी बताकर बेच दिया गया था। जब मामला कुढ़नी CO के पास पहुंचा तो उन्होंने फौरन इसके दाखिल खारिज और जमाबन्दी पर रोक लगा दी थी। इसकी अभी जांच पड़ताल चल रही है। उक्त जमीन में दान में दी गयी थी। लेकिन, अब इसका कोई कागजात विभाग के पास नहीं है।




Comment here