Breaking News

आचार संहिता उल्लंघन मामले में मधेपुरा कोर्ट पहुंचे पप्पू यादव

मधेपुरा के पूर्व सांसद और जाप सुप्रीमो राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में मधेपुरा कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान एडीजे प्रथम की अदालत में उनकी गवाही हुई। जिस पर 13 तारीख को फैसला आने की संभावना बतायी जा रही है। मामले के संबंध में बताया जाता है कि 30 अक्टूबर 2015 को मधेपुरा जिला के आलमनगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सांसद पप्पू यादव अपने जाप प्रत्याशी जयप्रकाश सिंह के समर्थन में 10 से अधिक चार पहिया गाड़ी को लेकर जनसंपर्क अभियान चला रहे थे।

जिस पर अंचलाधिकारी आलमनगर के द्वारा आलमनगर थाना में केस दर्ज कराया गया था। अंचल अधिकारी द्वारा दिये आवेदन में बताया गया था कि प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी वीडियो सर्विलेंस द्वारा इसकी वीडियोग्राफी कराई गई है। अंचल अधिकारी आलमनगर सह प्रभारी पदाधिकारी उड़नदस्ता दल के इसी आवेदन पर आलमनगर थाना में कांड संख्या 160/ 15 दिनांक 30-10-15 आईपीसी की धारा 188/171 (सी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इस संबंध में पूर्व सांसद पप्पू यादव के अधिवक्ता मनोज कुमार अम्बष्ठ ने बताया कि आज माननीय पूर्व सांसद की गवाही हुई है। कल बहस होगी और 13 मई तक फैसला आने की संभावना है। पप्पू की पेशी को लेकर मधेपुरा कोर्ट में उनके समर्थकों की भीड़ देखी गयी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.